Rajasthan: उदयपुर में तुर्की सिंगर का कार्यक्रम रद्द, NSUI बोली- पाकिस्तान समर्थन का स्वीकार्य नहीं
Rajasthan: तुर्की की सिंगर सेलिन सुम्बुलटेपे का उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल में प्रस्तावित शो NSUI के विरोध के बाद रद्द कर दिया गया। यह शो शनिवार शाम 7 बजे गांधी ग्राउंड में होने वाला था।
विस्तार
उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान तुर्की की सिंगर सेलिन सुम्बुलटेपे का प्रस्तावित शो एनएसयूआई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के विरोध के बाद रद्द कर दिया गया। यह शो शनिवार शाम 7 बजे गांधी ग्राउंड में होना था। NSUI ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की द्वारा पाकिस्तान का समर्थन किए जाने के कारण यह आपत्ति है। बढ़ते विरोध के चलते आयोजकों ने शो रद्द करने का निर्णय लिया।
NSUI ने विरोध की बताई वजह
NSUI जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राठौड़ ने जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि फेस्टिवल आयोजकों ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में तुर्की कलाकारों से जुड़े किसी भी कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के समय तुर्की के पाकिस्तान समर्थक रुख को देखते हुए तुर्की कलाकारों को मंच देना गलत है। NSUI कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) सिटी जितेंद्र ओझा को ज्ञापन भी सौंपा।
फेस्टिवल का शेड्यूल जारी, भारतीय कलाकारों की धूम
गांधी ग्राउंड में वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का 10वां सत्र शुक्रवार रात बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर की शानदार प्रस्तुति के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम में मेवाड़ पूर्व राजपरिवार की सदस्य निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। तीन दिवसीय फेस्टिवल में शनिवार को कैमरून का अफ्रोपॉप रॉक और सिंगर जोनीता गांधी अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, रविवार 8 फरवरी को स्पेनिश जैज़ और पॉप के साथ बॉलीवुड सिंगर अमित त्रिवेदी अपनी प्रस्तुति देंगे। रविवार दोपहर 3:30 बजे फतहसागर पाल पर पोलैंड का पोलिश फोक, तुर्की का ट्रेडिशनल कुर्दिश म्यूजिक और इंडियन रॉक की प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं।
'महाराणा प्रताप की पवित्र धरती पर मंच देना गलत'
NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित नायक ने कहा कि तुर्की कलाकारों को महाराणा प्रताप की पवित्र धरती पर मंच देना पूरी तरह गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसे कार्यक्रम नहीं रोके गए तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी आयोजकों और जिला प्रशासन की होगी।
ये भी पढ़ें: फ्रांस से जयपुर आए पार्सल से ड्रग बरामद, नारकोटिक्स टीम ने युवक को पकड़ा
तुर्की की जानी-मानी सिंगर हैं सेलिन सुम्बुलटेपे
सेलिन सुम्बुलटेपे फ्यूजन फोक-पॉप म्यूजिक के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में ‘हेमहाल’ नामक एल्बम जारी किया था, जिसका अर्थ है 'एकजुट होना।' इस एल्बम में उन्होंने लेबनान के मशहूर सिंगर जैद हमदान के साथ काम किया। यह एल्बम उनके होमटाउन हाटे से प्रेरित है, जहां 2023 के भीषण भूकंप में भारी तबाही हुई थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.