Udaipur News: ज्वेलरी शॉप पर महिला की कथित चालाकी, असली चेन बदलकर नकली रखी; स्कूटर से फरार; घटना CCTV में कैद
Udaipur News: उदयपुर के भूपालवाड़ी क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप से महिला कथित रूप से 10 ग्राम सोने की चेन बदलकर फरार हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। धानमंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उदयपुर शहर के भूपालवाड़ी क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर महिला द्वारा चेन बदलकर चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंची और सोने की चेन देखने के बहाने असली चेन के बॉक्स में नकली चेन रखकर मौके से फरार हो गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची महिला
जानकारी के अनुसार, कंचन आभूषण नामक दुकान पर एक महिला ग्राहक के रूप में पहुंची और दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। इसी दौरान दुकान पर एक अन्य ग्राहक आ गया, जिससे दुकानदार कुछ देर के लिए दूसरी ओर व्यस्त हो गया। इसी समय महिला ने कथित तौर पर चेन बदल दी।
शक होने पर सामने आया मामला
कुछ देर बाद जब दुकानदार चेन को वापस रखने लगा, तो उसे संदेह हुआ। चेन हाथ में लेने पर पता चला कि वह नकली और पुरानी है। इसके बाद दुकानदार तुरंत दुकान से बाहर निकला और महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह तेजी से आगे बढ़कर एक स्कूटर पर बैठकर फरार हो चुकी थी।
पीछा किया, लेकिन नहीं मिला सुराग
दुकानदार ने करीब 100 कदम लौटकर अपनी बाइक उठाई और महिला का पीछा किया। वह देहलीगेट चौराहे तक पहुंचा, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। स्कूटर कौन चला रहा था, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दुकानदार के अनुसार महिला करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन लेकर गई है।
एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि दो महिलाएं अलग-अलग दुकानों पर गई थीं। एक अन्य दुकान के सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों महिलाएं नजर आई हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में एक से अधिक महिलाएं शामिल हो सकती हैं।
पढ़ें- बेकाबू कार का कहर: झुंझुनूं में कई बाइकों को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसी गाड़ी, चालक फरार; कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने शुरू की जांच
दुकानदार की शिकायत पर धानमंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खरीदारी का बहाना बनाकर गई महिला
बताया गया कि जाते समय महिला ने दुकानदार से कहा था कि वह अपने पति से पूछकर चेन खरीदेगी। इसी दौरान उसने कथित रूप से चेन बदलकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

कमेंट
कमेंट X