Shimla: जाखू मंदिर पहुंचे अनुराग ठाकुर, बोले- हनुमान जी के आशीर्वाद से विकसित भारत का संकल्प होगा और मजबूत
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शिमला के जाखू मंदिर में दर्शन कर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में भाग लिया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भारत की आर्थिक प्रगति और हिमाचल को मिली विकास परियोजनाओं का जिक्र किया। साथ ही यूसीसी और पाकिस्तान से जुड़े सवालों पर भी भाजपा का पक्ष रखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को शिमला स्थित विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि जाखू मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि मंदिर में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इस अवधि में भारत ने आर्थिक और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उनके अनुसार वर्ष 2014 में भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि अब देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं दी हैं। उन्होंने एम्स बिलासपुर, राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2025-26 में हिमाचल के लिए 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख प्रतिबद्धताओं में शामिल है। उनके अनुसार उत्तराखंड में इसकी शुरुआत हो चुकी है और भविष्य में अन्य राज्यों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
पाकिस्तान से जुड़े सवाल के जवाब में अनुराग ठाकुर ने कहा कि पड़ोसी देश अपनी आंतरिक चुनौतियों से जूझ रहा है और भारत पर आरोप लगाना उसकी पुरानी प्रवृत्ति रही है। उन्होंने कहा कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.