कब है छोटी दीवाली और कब बड़ी: तारीख को लेकर दूर करें अपना कन्फ्यूजन, जानें कब करें लक्ष्मी-गणेश पूजन
तिथियों के विशेष संयोग के चलते इस वर्ष नरक चतुर्दशी और दीपावली का पर्व 8 नवंबर रविवार को एक ही दिन मनाया जाएगा। छोटी दिवाली पर अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त सुबह 5:41 से 6:38 बजे तक रहेगा। वहीं, लक्ष्मी-गणेश पूजन के लिए शाम 5:31 से 8:09 बजे तक का समय शुभ बताया गया है।
विस्तार
इस वर्ष छोटी और बड़ी दिवाली एक ही दिन मनाई जाएगी। तिथियों के विशेष संयोग के चलते नरक चतुर्दशी यानी छोटी दिवाली और दीपावली का पर्व 8 नवंबर रविवार को मनाया जाएगा। गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि उदया तिथि और प्रदोष काल के संयोग के आधार पर इस वर्ष दोनों पर्व एक ही दिन पड़ रहे हैं।
छोटी दिवाली पर सूर्योदय से पहले स्नान करने की परंपरा है। इसे अभ्यंग स्नान कहा जाता है। इसमें शरीर पर तेल और उबटन लगाकर विधि-विधान से स्नान किया जाता है।
पुजारी उमेश नौटियाल के अनुसार, धार्मिक मान्यताओं में चतुर्दशी तिथि के दौरान सूर्योदय से पहले अभ्यंग स्नान करना शुभ माना जाता है। इस वर्ष अभ्यंग स्नान का शुभ मुहूर्त सुबह 5:41 बजे से 6:38 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि इस विधि से स्नान करने से नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि दीपावली का पर्व कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है। इस वर्ष अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। दीपावली पर प्रदोष काल में अमावस्या तिथि का होना विशेष महत्व रखता है। इस वर्ष यह संयोग 8 नवंबर को ही बन रहा है। ऐसे में लक्ष्मी-गणेश पूजन और दीपोत्सव का मुख्य पर्व भी इसी दिन मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक रहेगा।
दिवाली के प्रमुख मुहूर्त
|
विवरण |
तारीख |
समय |
|---|---|---|
|
छोटी और बड़ी दीवाली |
8 नवंबर 2026, रविवार |
— |
|
चतुर्दशी तिथि प्रारंभ |
7 नवंबर 2026 |
सुबह 10:47 बजे |
|
चतुर्दशी तिथि समाप्त |
8 नवंबर 2026 |
सुबह 11:27 बजे |
|
अमावस्या तिथि प्रारंभ |
8 नवंबर 2026 |
सुबह 11:27 बजे |
|
अमावस्या तिथि समाप्त |
9 नवंबर 2026 |
दोपहर 12:31 बजे |
|
अभ्यंग स्नान |
8 नवंबर 2026 |
सुबह 5:41 से 6:38 बजे |
|
लक्ष्मी-गणेश पूजन |
8 नवंबर 2026 |
शाम 5:31 से 8:09 बजे |