Himachal Weather: हिमाचल में लगातार पांच दिन बरसेंगे बादल, अप्रैल से जून के मौसमी तापमान पर भी आया अपडेट
प्रदेश में लगातार पांच दिन बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। वहीं माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गर्मी के माैसम (अप्रैल से जून तक) का मौसमी तापमान का पूर्वानुमान भी जारी किया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में लगातार पांच दिन बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। वहीं माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गर्मी के माैसम (अप्रैल से जून तक) का मौसमी तापमान का पूर्वानुमान भी जारी किया है। साथ ही अप्रैल के दौरान मासिक वर्षा व तापमान का पूर्वानुमान भी जारी किया है। विभाग के अनुसार इस बात की मध्यम से उच्च संभावना (45-75 फीसदी) है कि अप्रैल से जून 2026 के दौरान हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की प्रबल संभावना है। इसी तरह इस बात की मध्यम संभावना (45-65 प्रतिशत) है कि हिमाचल की ऊंची पहाड़ियों और उनसे सटी मध्य पहाड़ियों पर औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की प्रबल संभावना है। अप्रैल से जून के दौरान प्रदेश की निचली पहाड़ियों-मैदानी इलाकों और उनसे सटी मध्य पहाड़ियों पर औसत अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। अप्रैल से जून के दौरान, इस बात की मध्यम संभावना है कि प्रदेश के मध्य और निचले पहाड़ी/मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में, लंबी अवधि के औसत की तुलना में लू वाले दिनों की संख्या 35-65 फीसदी अधिक होगी।
अप्रैल से कई भागों में सामान्य से अधिक बारिश की 33.5-55 फीसदी संभावना
अप्रैल में इस बात की कम से मध्यम संभावना (33.5-55 फीसदी) है कि प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होगी। जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के कुछ हिस्सों में अप्रैल के दौरान सामान्य से कम वर्षा होगी। इस बात की मध्यम से उच्च संभावना (55-75 फीसदी) है कि अप्रैल 2026 के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने रहेगा। वहीं प्रदेश की निचली पहाड़ियों/मैदानी इलाकों और उनसे सटे मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की प्रबल संभावना है।
राज्य में इतने दिन जारी रहेगी बारिश-बर्फबारी
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 1 व 2 अप्रैल को राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। इसी तरह 3 और 4 अप्रैल को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 5, 6 और 7 अप्रैल को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्र्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में 3-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। वहीं शिमला व अन्य भागों में आज बादल छाए हुए हैं।
कहां कितनी बारिश-बर्फबारी हुई
बीते 24 घंटों के दाैरान सराहन 28, भावानगर 12.8, कटाैला 10.4, निचार 12, शिलारू 10.4, सेऊबाग 7.8, मनाली 7.0, भुंतर 5.4, रामपुर और कसाैली 5.0 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं कुकुमसेरी में 1.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर 12.9, भुंतर 11.2, कल्पा 3.4, धर्मशाला 9.8, ऊना 14.3, नाहन 13.1, केलांग 0.1, पालमपुर 11.5, सोलन 11.4, मनाली 7.2, कांगड़ा 15.2, मंडी 13.7, बिलासपुर 16.0, चंबा 14.1, जुब्बड़हट्टी 12.4, कुफरी 5.4, कुकुमसेरी 3.0, सेऊबाग 10.0, बरठीं 12.3, कसाैली 11.7, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 8.1, देहरागोपीपुर 18.0, ताबो 1.8 व नेरी में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।