Bilaspur: बिलासपुर के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल गुरु बनेगा एआई, सीएम सुक्खू ने एप का किया शुभारंभ
बरठीं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को समर्पित किया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन बिलासपुर की अभिनव पहल पढ़ाई विद एआई का विधिवत शुभारंभ किया। बरठीं में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को समर्पित किया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस एप को बिलासपुर के विद्यार्थियों के लिए एक डिजिटल गुरु के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को नई दिशा देने की शक्ति है। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई विद एआई विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी कदम है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार नवाचार और समान अवसर सुनिश्चित करते हुए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
करोड़ों के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं बाजार पहुंचे। यहां पर कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने करोड़ों रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इन योजनाओं में परमवीर चक्र नायब सूबेदार संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, कलोल के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन, बरठीं-शाहतलाई सड़क के उन्नयन कार्य, शाहतलाई नगर क्षेत्र की सीवरेज परियोजना और शाहतलाई स्थित चरण गंगा के सौंदर्यीकरण प्रमुख रूप से शामिल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
