हिमाचल: स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई, विद्यार्थियों को शिक्षा निदेशालय ने दी राहत
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश की तिथि 20 अगस्त तक बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। विभिन्न स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए प्रवेश अब 20 अगस्त तक लिया जा सकेगा। इसमें एईडीपी पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सरकारी डिग्री और संस्कृत महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने प्रवेश की तिथि 20 अगस्त तक बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। विभिन्न स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए प्रवेश अब 20 अगस्त तक लिया जा सकेगा। इसमें एईडीपी पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। इससे पहले निदेशालय ने सात अगस्त को प्रवेश को लेकर पत्र जारी किया था। अब उसी क्रम में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। निदेशालय ने महाविद्यालयों को विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रिक्त सीटों वाले स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह अतिरिक्त अवसर होगा। महाविद्यालय स्तर पर उपलब्ध सीटों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बीटेक लेटरल एंट्री की खाली सीटों के लिए स्पॉट राउंड कल
जवाहर लाल नेहरू राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (जेएनजीईसी) सुंदरनगर में बीटेक लेटरल एंट्री की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड काउंसलिंग बुधवार 19 अगस्त को होगी। लेटरल एंट्री में पात्र विद्यार्थियों को बीटेक के दूसरे वर्ष में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज में टेक्सटाइल इंजीनियरिंग, मेकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआई एवं एमएल), सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की उपलब्ध सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर की ओर से पहले दो ऑनलाइन काउंसलिंग राउंड किए जा चुके हैं। इनमें चयनित नहीं हुए, काउंसलिंग में शामिल नहीं हो पाए और पहले आवेदन नहीं करने वाले पात्र अभ्यर्थी भी स्पॉट राउंड में भाग ले सकेंगे।
जेएनजीईसी के निदेशक एवं प्रधानाचार्य प्रो. राजीव खंडूजा ने बताया कि काउंसलिंग कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल (ब्लॉक-ए) में होगी। सुबह 9:30 से दोपहर 12:00 बजे तक आवेदन पत्र जारी करने और जमा करने की प्रक्रिया होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक डिप्लोमा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर प्रदर्शित की जाएगी। काउंसलिंग दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी। दोपहर 12 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, सभी प्रमाणपत्रों की दो-दो फोटो प्रतियां, पासपोर्ट साइज के तीन फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। प्रवेश के समय संस्थान की फीस छात्रों के लिए 32,770 रुपये और छात्राओं के लिए 17,770 रुपये निर्धारित है। इसके अलावा 4,600 रुपये विश्वविद्यालय शुल्क भी जमा करना होगा। निर्धारित शुल्क जमा नहीं करने पर सीट का आवंटन रद्द माना जाएगा।