Shimla: साहसिक पर्यटन बढ़ाने के लिए राज्यपाल ने किया चलो हिमाचल अभियान का शुभारंभ
साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश को साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को लोकभवन में गोविंद सागर एडवेंचर एंड वाटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के चलो हिमाचल अभियान का पोस्टर जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यटन और स्थानीय रोजगार के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य, झीलों, जलाशयों और पर्वतीय क्षेत्रों से समृद्ध राज्य है, जहां साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और ऐसे अभियान न केवल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने के लिए सरकार, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों और स्थानीय समुदायों को मिलकर कार्य करना होगा। राज्यपाल ने ईको टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म को भविष्य की पर्यटन अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया। इस अवसर पर एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य ईशान अख्तर ने राज्यपाल को चलो बिलासपुर, चलो हिमाचल अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बिलासपुर जिले की गोविंद सागर झील और कोल डैम, कांगड़ा जिले के पौंग डैम तथा चंबा जिले के चमेरा डैम को साहसिक पर्यटन गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित कार्यक्रमों में वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप, पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताएं, कार और मोटरसाइकिल रेसिंग चैंपियनशिप सहित कई रोमांचक आयोजन शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर से भाखड़ा बांध तक लगभग 50 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय ओपन वाटर स्विमिंग चैंपियनशिप आयोजित करने की भी योजना है, जो प्रदेश में अपनी तरह का अनूठा आयोजन होगा। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सराज अख्तर, कार्यकारी सदस्य बिलाल अहमद शाह, हेमराज ठाकुर, इमरान खान, पवन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।