फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Heavy rain lashes Shimla, humidity rises in the plains; rain alert issued for five districts today as well.

Weather Himachal: शिमला में झमाझम बरसे बादल, मैदानी इलाकों में बढ़ी उमस; पांच जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट

Sun, 12 Jul 2026 01:05 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 12 Jul 2026 01:05 AM IST
सार

प्रदेश के पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के कुछ क्षेत्रों में रविवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी हुआ है।

विज्ञापन
Heavy rain lashes Shimla, humidity rises in the plains; rain alert issued for five districts today as well.
शिमला में झमाझम बारिश। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में मानसून का मिजाज शनिवार को बदला नजर आया। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बादल झमाझम बरसे। मैदानी जिलों में बारिश थमने के बाद उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। बीते दो दिनों की भारी बारिश के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन अभी भी प्रभावित है। भूस्खलन, सड़क बंद होने, बिजली और पेयजल योजनाओं के ठप पड़ने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार प्रदेश में शनिवार शाम तक 189 सड़कें बंद, 146 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित और 104 पेयजल योजनाएं ठप रहीं।

विज्ञापन


कुल्लू जिला में शुक्रवार देर रात तक हुई भारी बारिश के बाद पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया। नदी के उफान पर आने से शाक्टी क्षेत्र में दो मकानों में पानी घुस गया, जिसके चलते प्रशासन को एहतियातन दोनों मकान खाली करवाने पड़े। बारिश और तेज बहाव के कारण शाक्टी, मरौड़ और शुगाड़ गांवों को जोड़ने वाली चार से अधिक पुलियाएं भी बह गईं। जिले में अभी भी 51 सड़कें बंद हैं, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
विज्ञापन


शनिवार को मौसम साफ रहने से राहत कार्यों में तेजी आई। राजधानी शिमला में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद संजौली के बोथवेल क्षेत्र में भूस्खलन होने से चार मकानों और दो दुकानों पर खतरा मंडराने लगा। तड़के करीब चार बजे हुए इस भूस्खलन के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। न्यू शिमला और शहर के अन्य इलाकों में भी भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं से कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। राजधानी में शनिवार को दोपहर तीन बजे हल्के बादल छाए रहे। इसके बाद पांच बजे तक बारिश हुई। शाम को बारिश थमने से मौसम सुहावना हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सिरमौर जिला बारिश और भूस्खलन से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल रहा। जिले में 50 सड़कें बंद रहीं और 25 विद्युत ट्रांसफार्मर प्रभावित होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बारिश के कारण 58 पेयजल और छह सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। जिले में आलू, अदरक और तिलहनी फसलों को भी क्षति पहुंची है।कांगड़ा जिले में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो गई।

चंबा जिले में शनिवार को बारिश नहीं होने के कारण दिनभर उमस बनी रही। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बत्ती दी हट्टी के पास भूस्खलन से यातायात करीब 15 मिनट तक प्रभावित रहा। बाद में मशीनरी लगाकर मार्ग बहाल कर दिया गया। उधर, हमीरपुर और ऊना में धूप निकलने से दिनभर गर्मी और उमस का असर रहा। ऊना, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में शनिवार को तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।


पांच जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट
प्रदेश के पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के कुछ क्षेत्रों में रविवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 17 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

क्षेत्र व अधिकतम तापमान

  • सुंदरनगर 33.0
  • मंडी 32.4
  • बरठीं 31.9
  • नेरी 31.4
  • ऊना 31.0
  • बिलासपुर 31.0
  • कांगड़ा 29.0
  • चंबा 28.4
  • नाहन 28.1
  • सोलन 26.8
  • शिमला 23.4
  • मनाली 22.2
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed