विस चुनाव: इन 16 सीटों पर महिलाओं के हाथ में सत्ता की चाबी
हिमाचल प्रदेश की 68 में से 16 विधानसभा क्षेत्रों में सत्ता की चाबी महिला मतदाताओं के हाथ हैं। इन 16 विस क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक हैं। 52 विस क्षेत्र में पुरुष मतदाता अधिक हैं। इस बार सूबे के कुल 49,88,367 मतदाताओं में से 25,31,316 पुरुष और 24,57,022 महिला मतदाता हैं।
इसमें 16 विस क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसके अलावा 2012 की तरह कांगड़ा जिले की सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 95,064 मतदाता हैं। हमीरपुर जिले की पांच विस क्षेत्रों में महिला वोटर अधिक हैं। नाचन विधानसभा क्षेत्र में महिला और पुरुष वोटरों की संख्या में एक का अंतर है। पुरुष मतदाता का एक वोट अधिक है।
इन विधानसभा क्षेत्रों में महिला वोटर अधिक
प्रदेश की देहरा, जयसिंहपुर, सुलह, मनाली, जोगिंद्रनगर, धर्मपुर, मंडी सदर, बल्ह, सरकाघाट, भोरंज, सुजानपुर, हमीरपुर सदर, बड़सर, नादौन, घुमारवीं और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्रों में महिला वोटरों की संख्या अधिक है।
वर्ष 2012 में थे 46,08,359 मतदाता
वर्ष 2012 के चुनाव में 68 सीटों पर कुल मतदाताओं की संख्या 46,08,359 थी। इसमें 33,49,853 मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया।
पिछले चुनाव में कांगड़ा जिले की सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 87,091 और लाहौल-स्पीति में सबसे कम 22077 मतदाता थे।