Himachal Budget Session: हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र कल, हंगामेदार रहने के आसार
विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र की बैठकों के खूब हंगामेदार रहने के आसार हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होने जा रहा है। इस सत्र की बैठकों के खूब हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 21 मार्च को अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। इस सत्र में विपक्ष की रणनीति के लिए मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक सर्किट हाउस विलीज पार्क शिमला में होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल भी मंगलवार या बुधवार सुबह बैठक कर सकता है। सत्रारंभ से एक दिन पहले मंगलवार को राज्य विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया प्रेस वार्ता करेंगे। सत्र के पहले चरण की बैठकें 16 से 18 फरवरी के बीच आयोजित की जा चुकी हैं।
उसके बाद लंबा ब्रेक रहा। दूसरे चरण के पहले दिन की बैठक की शुरुआत 11 बजे होगी। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण एवं चर्चा होगी। 19 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से वित्त वर्ष 2025-26 के अनुपूरक बजट को पारित करने का प्रस्ताव किया जाएगा। उसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण एवं चर्चा आगे बढ़ेगी। 20 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, चर्चा व इसका पारण किया जाएगा। 21 मार्च को वित्त वर्ष 2026-26 का बजट पेश किया जाएगा। सत्र के बीच में 26 मार्च को रामनवमी पर अवकाश रहेगा और इस दिन बैठक नहीं होगी। इसके अलावा रविवार के दिन भी बैठकें नहीं हाेंगी।
पहले दिन सड़क, आपदा, रिक्तियों जैसे विषयों पर लगेंगे प्रश्न
विधानसभा सत्र के पहले दिन बुधवार को प्रश्नकाल में सड़क, आपदा, रिक्तियों जैसे विषयों पर कई प्रश्न लगेंगे। होली उत्तराला सड़क मार्ग पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल, आपदा से करसोग में हुए नुकसान पर विधायक दीपराज, पुलिस जिला में रिक्तियों पर विधायक हरदीप सिंह बावा, धर्मशाला वार मेमोरियल को आम आदमी के लिए खोलने पर विधायक केवल सिंह पठानिया प्रश्न लगाने की तैयारी में हैं।