Himachal: स्वतंत्रता दिवस पर सीएम सुक्खू बड़सर में फहराएंगे तिरंगा, कर्मियों को बड़ी घोषणाओं की आस
प्रदेश के लाखों कर्मचारी, पेंशनर और उनके परिवार मुख्यमंत्री के संबोधन से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। विशेष रूप से लंबित महंगाई भत्ता (डीए), वेतन संशोधन एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियों को लेकर संभावित घोषणाओं पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर में होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं प्रदेश के लाखों कर्मचारी, पेंशनर और उनके परिवार मुख्यमंत्री के संबोधन से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। विशेष रूप से लंबित महंगाई भत्ता (डीए), वेतन संशोधन एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियों को लेकर संभावित घोषणाओं पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
उधर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चंबा और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बिलासपुर में कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे। कर्मचारियों को उम्मीद है कि 15 अगस्त के भाषण में मुख्यमंत्री देय 15 फीसदी महंगाई भत्ते की किस्तें देने का एलान करेंगे। इसके अलावा वर्ष 2022 में लागू किए गए संशोधित वेतनमान के तहत देय एरियर का अधिकांश हिस्सा अभी तक कर्मचारियों को नहीं मिला है। कर्मचारियों को आस है कि इस बाबत भी कोई घोषणा होगी। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक किसी वित्तीय पैकेज या डीए एरियर को लेकर आधिकारिक संकेत नहीं दिए गए हैं। बड़सर से मुख्यमंत्री के संबोधन पर सिर्फ आम जनता ही नहीं, बल्कि लाखों कर्मचारी और पेंशनर भी नजरें गड़ाए हुए हैं।
पहली बार सीएम का लाइव संबोधन सुनेंगे लाखों विद्यार्थी
प्रदेश में शुक्रवार को मनाया जाने वाला 79वां स्वतंत्रता दिवस इस बार सरकारी स्कूलों के लिए कई मायनों में विशेष रहने वाला है। ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से आगे बढ़कर इस बार समारोह राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जागरूकता और युवा सहभागिता का व्यापक उत्सव बनेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली बार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा, इसे लाखों विद्यार्थी एक साथ देख और सुन सकेंगे। राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में होगा, जहां मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि का संदेश पढ़ा जाएगा तथा विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के महान राष्ट्रनायकों के योगदान से अवगत कराया जाएगा। निर्देशों के अनुसार छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को उनके संबंधित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में समारोहों में शामिल किया जाएगा। वहीं कांप्लेक्स स्कूलों में 500 मीटर के दायरे में स्थित प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भी मुख्य समारोह का हिस्सा होंगे। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में स्थानीय स्तर पर समारोह होंगे। सभी स्कूल प्रमुखों को विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।