Himachal: चाड़ना में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, हादसे में दो की मौत, चालक घायल
सिरमाैर जिले में राजगढ़-नौहराधार-हरिपुरधार सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले में राजगढ़-नौहराधार-हरिपुरधार सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नौहराधार और हरिपुरधार के बीच चाढ़ना के समीप उस समय हुआ, जब एक स्विफ्ट कार (एचपी 88ए-6058) अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार तड़के करीब तीन बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में तीन लोग सवार थे। इनमें से दो की मौत पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को नौहराधार अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की पहचान गुलशन पुत्र राम विसाग निवासी बीपीओ कौल मोजरा, तहसील टीटागढ़ झारखंड और नरेश कुमार पुत्र बारुराम निवासी वीपीओ कुलग, कुपवी शिमला के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल कार चालक विपिन कुमार पुत्र मलकियत निवासी चितरला तहसील फतेहपुर कांगड़ा का रहने वाला है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शवों को राजगढ़ अस्पताल भेजा। स्थानीय प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।
उधर, राजगढ़-नौहराधार-हरिपुरधार-रोनहाट सड़क एक बार फिर सड़क हादसे ने इसकी बदहाल स्थिति को लेकर सवाल खड़े किए हैं। गौरतलब है कि जनवरी में निजी बस हादसा भी इसी मार्ग पर हुआ था, जिसमें 14 लोगों ने जान गंवाई थी। संगड़ाह के डीएसपी सुनील राणा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। नायब तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है।
मोगीनंद में अचानक चल पड़ी कार, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी
नेशनल हाईवे चंडीगढ़-देहरादून पर मोगीनंद के समीप शनिवार को एक कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। गनीमत रही कि कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे चंडीगढ़-देहरादून पर औद्योगिक क्षेत्र मोगीनंद में फीनिक्स उद्योग के समीप पार्क एक कार आचानक चल पड़ी और सड़क से कुछ दूर करीब 100 मीटर खाई में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों रमेश व प्रदीप ने बताया कि उन्होंने देखा कि कार अचानक खाई में गिर गई। भयानक हादसा देखते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाया कि कार के अंदर कोई नहीं था। इसके बाद उन्होंने राहत की सांस ली। सकून इस बात का भी मिला कि सड़क पर अन्य वाहन धारक या राहगीर कार की चपेट में नहीं आए।
त्रिलोकपुर में पैराफिट से गिरकर हुई थी युवक की मौत
वहीं त्रिलोकपुर मेले के दौरान पैराफिट से गिरकर हुई युवक की मौत के मामले में प्रशासन ने आगे की सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो पाई, जिसके चलते उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक बीती 27 मार्च को मेले के दौरान एक युवक पुल के पास बने पैराफिट से नीचे ढलान में जा गिरा था। हादसे के तुरंत बाद उसे डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने युवक की पहचान के लिए हरसंभव प्रयास किए। आसपास के इलाकों में पूछताछ की गई, मेले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और अन्य राज्यों तक भी सूचना भेजी गई। जांच के दौरान युवक की बाजू पर धनेश्वर प्रजापति नाम गुदा हुआ मिला, लेकिन इसके बावजूद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। काफी इंतजार और प्रयासों के बाद भी जब कोई परिजन सामने नहीं आया, तो पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम समेत सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए नगर परिषद नाहन को सौंप दिया गया, जहां अज्ञात युवक का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि की है।