Himachal Weather: धर्मशाला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और हमीरपुर में चला अंधड़, कुल्लू में मां-बेटी की मौत
कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में तेज अंधड़ से गिरे पेड़ की चपेट में आने से पंजाब की रहने वाली मां-बेटी की मौत हो गई।
विस्तार
हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच शनिवार को मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में अंधड़ चला। कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में तेज अंधड़ से गिरे पेड़ की चपेट में आने से पंजाब की रहने वाली मां-बेटी की मौत हो गई। महिलाएं जब सूमारोपा में नदी में माैज-मस्ती करे उतरी तो इसी दौरान अंधड़ से कायल का एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दोनों घायल हो गईं। उन्हें भुंतर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। मृतक महिलाओं में अविनाश कौर (56) पत्नी गुरबचन सिंह निवासी हाउस नंबर 170 नियर चिकन काॅर्नर ऋषि नगर लुधियाना और निशु वर्मा पत्नी राजन कुमार जे-6 डब्बा काॅलोनी लुधियाना शामिल हैं। दोनों महिलाएं परिवार के साथ घूमने आईं थीं।
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में अंधड़ की चपेट में आने से बिहार का पैराग्लाइडर पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। पायलट ने सुबह करीब 9:30 बजे बीड़ बिलिंग से उड़ान भरी और अचानक मौसम खराब होने पर वह जोगिंद्रनगर के पहलून गांव पहुंच गया। मंडी से सटे सद्गुरु कबीर मंदिर टारना के प्रांगण में अंधड़ से पीपल का पेड़ गिर गया और 440 केवी ट्रांसफार्मर के तार क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंगवाई के स्लैब के ऊपर गिरा। घटना के वक्त बच्चे स्कूल के कमरे में पढ़ रहे थे। इससे स्कूल और बच्चों को कोई नुकसान नहीं हुआ। धर्मशाला सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। हमीरपुर में सुबह करीब 11 अंधड़ चला, उसके बाद दिनभर धूप खिली रही।
लाहौल में दिन के समय बूंदाबांदी हुई। उधर, प्रदेश के सात मध्य पर्वतीय और मैदानी जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन व सिरमाैर में रविवार और सोमवार को भी बारिश-अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 5 जून तक राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। शनिवार को ऊना और बिलासपुर में अधिकतम पारा 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
मई में सामान्य से दो फीसदी अधिक बरसे बादल
हिमाचल में मई में सामान्य से 2 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 63.3 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया। मई 2025 में 64.3 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 89, हमीरपुर में 110, कांगड़ा में 52, मंडी में 10, शिमला में 47, सिरमाैर में 268, सोलन में 212 व ऊना में 132 फीसदी अधिक बारिश हुई। चंबा में सामान्य से 29, किन्नाैर में 68, कुल्लू में 38 और लाहाैल-स्पीति में 50 फीसदी कम बारिश हुई।
नलवाड़ी-तलमेहड़ा सड़क पर गिरा चीड़ का पेड़
बंगाणा क्षेत्र के तहत पड़ते नलवाड़ी-तलमेहड़ा सड़क पर मटियाणा के नजदीक सड़क चीड़ का बड़ा पेड़ गिरने से यातायात तीन घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। पेड़ गिरने से सड़क के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन भी टूट गई। सूचना मिलने के बाद विद्युत आपूर्ति विभाग तथा लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क बहाली का कार्य शुरू किया।
अधिकतम तापमान
ऊना 38.8
बिलासपुर 36.8
कांगड़ा 35.1
मंडी 34.2
नाहन 32.8
धर्मशाला 32.1
सोलन 31.0
शिमला 26.1
मनाली 22.0