Himachal Weather: मैदानी भागों में कोहरे का अलर्ट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस दिन से बारिश-बर्फबारी के आसार
प्रदेश के मैदानी व कम ऊंचाई वाले कई इलाकों में तीन दिन कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मैदानी व कम ऊंचाई वाले कई इलाकों में तीन दिन कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दाैरान बिलासपुर क्षेत्र में घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। वहीं मंडी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया है। उधर, राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। राज्य के 12 स्थानों पर न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हालांकि, शिमला में रात का पारा लगातार दूसरे दिन भी 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज पूरे प्रदेश में धूप खिली हुई है।
शिमला में रात का पारा काफी ऊपर
शिमला में 34 साल बाद दिसंबर में शिमला की रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। शिमला में दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री के बीच रहता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं होने से रात के समय ठंडी हवाएं नहीं चल पा रही हैं। आमतौर पर दिसंबर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों और राजधानी शिमला में सर्द हवाओं का असर बढ़ जाता है। इस बार बर्फ का इंतजार लंबा खिंचता नजर आ रहा है। रात के तापमान में हुई बढ़ोतरी का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। बर्फबारी नहीं होने से पर्यटन कारोबार पर भी प्रभावित हो रहा है। होटल और पर्यटन कारोबारियों को भी मौसम के रुख की चिंता सता रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ तो ठंड से राहत ही बनी रहेगी।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4, सुंदरनगर 3.5, भुंतर 2.6, कल्पा 3.4, धर्मशाला 9.6, ऊना 7.5, नाहन 9.8, पालमपुर 7.0, सोलन 4.6, मनाली 3.9, कांगड़ा 5.6, मंडी 4.6, बिलासपुर 5.5, हमीरपुर 4.2, कुफरी 9.2, कुकुमसेरी -6.0, नारकंडा 7.1, रिकांगपिओ 5.5, सेऊबाग 3.0, बरठीं 3.1, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 5.1, देहरागोपीपुर 8.0, ताबो -5.4, बजाैरा 2.8 और नेरी में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जानें कब होगी बारिश-बर्फबारी
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 19 दिसंबर तक शुष्क माैसम बना रहेगा। 20 व 21 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम में यह बदलाव आने की संभावना है। 22 से पूरे प्रदेश में माैसम फिर साफ रहेगा। वहीं मैदानी व कम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में सुबह और देर रात के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, अगले 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, उसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के बाद अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।