Himachal Rain: हिमाचल में बारिश का कहर; तीन कारों पर गिरीं चट्टानें, एक की माैत, चार लोग घायल
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार शाम 6:00 बजे तक राज्य में भूस्खलन से दो एनएच सहित 206 सड़कें बंद रहीं। अलग-अलग जगह तीन कारों पर पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण चार लोग घायल हो गए, जबकि एक की माैत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माैसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मंगलवार शाम 6:00 बजे तक राज्य में भूस्खलन से दो एनएच सहित 206 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 45 बिजली ट्रांसफार्मर व 82 जल आपूर्ति स्कीमें भी प्रभावित हैं। शिमला सहित अन्य भागों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण नेरवा पुलिस थाने का आवासीय भवन भूस्खलन की चपेट में आ गया। पहाड़ी से मलबा गिरने से थाना प्रभारी राम लाल शर्मा के निवास को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि हादसे के समय आवासीय भवन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आनी में पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आई दो कारें
वहीं आनी में बीती रात से लगातार हो रही बारिश के बीच आनी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो कारें पहाड़ से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गईं। एक हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि दूसरी घटना में सड़क किनारे खड़ी टैक्सी कार पर भारी चट्टान गिर गई। पहला हादसा निर्माणाधीन सब्जी मंडी तेशन के पास किरण बाजार और बराड़ के बीच हुआ। मारुति अल्टो कार नंबर HP-35-7897 एनएच-305 से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ और भारी मलबा कार के ऊपर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से कार दब गई। हादसे में चालक पदम सिंह(53) निवासी गांव दोघरी, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू और अब्दुल रहमान (32) निवासी दोगरी मोड़, डाकघर निगान, तहसील आनी, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना आनी के नए बस अड्डे के पास हुई। यहां पहाड़ी से एक भारी-भरकम चट्टान सड़क किनारे खड़ी टैक्सी नंबर की कार से जा टकराई। चट्टान गिरने से कार को काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
भराड़ीघाट के दसेरन में दर्दनाक हादसा
शिमला-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर भराड़ीघाट के दसेरन में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी एक बड़ी चट्टान चलती कार पर आ गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चट्टान गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सकता। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। करीब एक घंटे तक बचाव कार्य चलने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
मानसून सीजन में अब तक 163 लोगों की गई जान
मानसून सीजन में 30 जून से 11 अगस्त तक प्रदेश में विभिन्न आपदाओं में 163 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 257 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 93 की सड़क हादसे में माैत हुई। 23 पक्के व 44 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। 268 कच्च-पक्के मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। 14 दुकानें और 226 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अतिरिक्त 204 पालतु पशुओं की भी जान गई है।
राज्य में इतने दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12, 14, 15, 16 व 17 अगस्त को राज्य में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 11 और 14 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट है। 12, 15 ,16 व 17 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है। सप्ताह के बाकी दिनों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। आज चंबा, कांगड़ा व सिरमाैर, जबकि 14 अगस्त को सिरमाैर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है।
कहां कितनी बारिश
बीते 24 घंटों के दाैरान भटियात में 95.2, धर्मशाला 74.1, बजौरा 67.5, पालमपुर 66.4, जोत 51.0, जोगिंद्रनगर 50.0, पंडोह 43.8, कांगड़ा 40.2, सुजानपुर टीहरा 38.2, सराहन 37.7, भुंतर 37.4, नगरोटा सूरियां 37.2 व कोटखाई में 33 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.