कांवड़ ला रहे फौजी की मौत: आर्मी में भर्ती का जश्न अभी थमा भी नहीं था, अमन के न रहने की खबर ने तोड़ा परिवार
कबड्डी खिलाड़ी अभिषेक ठाकुर ने बताया कि अमन सोलंकी कबड्डी का होनहार खिलाड़ी था, जिसने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीती थीं। वर्ष 2024 में नेशनल लगी में यूपी का प्रतिनिधित्व करते हुए जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद ही उनका चयन आर्मी टीम के लिए हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के खुर्जा स्थित सुल्तानपुर बुढ़ैना गांव निवासी 21 वर्षीय फौजी अमन सोलंकी की कांवड़ लाते वक्त बिजनौर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में मातम पसर गया। कबड्डी का होनहार खिलाड़ी अमन सोलंकी डेढ़ साल पहले ही आर्मी में भर्ती हुआ था।
आठ अगस्त को छुट्टी पर आए थे अमन सोलंकी
सुल्तानपुर बुढ़ैना गांव निवासी प्रेमपाल सोलंकी ने बताया कि वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके बड़े बेटे अमन सोलंकी (21) राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी थे, जिनकी डेढ़ साल पहले वर्ष 2025 में स्पोर्ट्स कोटे से आर्मी में नौकरी लगी थी। तीन दिन पहले आठ अगस्त को अमन छुट्टी लेकर घर आए थे।
गांव से गए थे 35 लोग
तभी गांव से युवाओं का समूह हरिद्वार में डाक कांवड़ लेने जा रहा था तो अमन भी उनके समूह में शामिल हो गया। रविवार रात को गांव से करीब 35 लोग कार व बाइकों पर सवार होकर कांवड़ लेने के लिए रवाना हो गए। गांव निवासी हिरदेश ने बताया कि सोमवार सुबह सभी लोगों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ उठा ली थी। हिरदेश और अमन एक ही बाइक पर थे।
पीछे से बाइक ने मारी टक्कर
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब बिजनौर के मोटा महादेव मंदिर के पास पहुंचे। तभी अचानक पीछे से बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी तो बाइक चला रहे अमन का सिर सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया और हिरदेश सड़क पर गिर गए। कुछ देर बाद होश आया तो वह अपने गांव के साथी रवि राणा के साथ थे। उन्होंने देखा कि वह एंबुलेंस में थे।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
चाचा गुलाब सिंह भी उनके साथ थे, जिन्होंने बताया कि घायल अमन व हिरदेश को मेरठ के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अमन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और हिरदेश का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया। अन्य सभी कांवड़िया घर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। मेरठ पुलिस की ओर से अमन के शव को पोस्टमार्टम कर आर्मी को सौंपा गया।
नेशनल लीग में खेले थे कबड्डी, आर्मी में हुआ चयन
प्रो. कबड्डी खिलाड़ी अभिषेक ठाकुर ने बताया कि अमन सोलंकी कबड्डी का होनहार खिलाड़ी था, जिसने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताएं जीती थीं। वर्ष 2024 में नेशनल लगी में यूपी का प्रतिनिधित्व करते हुए जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद ही उनका चयन आर्मी टीम के लिए हो गया। आर्मी में स्पोर्ट्स कोटे से उनको भर्ती कर लिया गया। पिछले साल दिसंबर माह में आयोजित यूपी कबड्डी लीग में अमन यमुना योद्धा टीम से खले थे।
आर्मी में भर्ती के बाद मनाया था जश्न, टूट गए सपने
रोते बिलखते हुए पिता प्रेमपाल सिंह ने बताया कि उनके दो ही बेटे थे, जिसमें बड़े बेटे अमन ने कबड्डी में पहले नाम कमाया और फिर आर्मी में भर्ती हो गया। अभी अमन ने अपना जीवन शुरू ही किया था कि सब कुछ खत्म हो गया। जब आर्मी में भर्ती हुआ था तो जश्न मनाया गया था। छोटा बेटा इंद्र अभी 10वीं की पढ़ाई कर रहा है।