Himachal Weather: हिमाचल के 8 जिलों में तापमान शून्य से नीचे, धुंध से हुए हादसे में ऊना के चार लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के 12 में से आठ जिलों में पारा माइनस में चला गया है। ऊपरी इलाकों में शीतलहर और निचले इलाकों में धुंध कहर बरपा रही है। धुंध के कारण सड़क हादसों में बढ़ोतरी हुई है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
सूखे से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। प्रदेश के 12 में से आठ जिलों में पारा माइनस में चला गया है, जबकि दो जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास है। मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह-शाम घने कोहरे के बीच हाड कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। इसी बीच, हिमाचल से लगते पंजाब के दसूहा में धुंध के कारण हुए सड़क हादसे में ऊना जिला के चार लोगों की मौत हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में 16 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
शनिवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। कांगड़ा व हमीरपुर में पारा शून्य तक पहुंच गया है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर पानी पाइपों में जम रहा है।
राजधानी शिमला और धर्मशाला में शनिवार को सुबह से ही धूप खिली, जिससे दिन के समय ठंड से कुछ राहत मिली। मैदानी और निचले क्षेत्रों में करीब 11 बजे के बाद धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, सूर्य ढलते ही ठंड फिर से हावी हो गई। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर रहने से पर्वतीय इलाकों में भी बर्फ की चादर नहीं बिछ पाई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।
| कुकुमसेरी | -10.9 |
| ताबो | -7.9 |
| कल्पा | -3.6 |
| सेऊबाग | -2.5 |
| मनाली | -1.1 |
| रिकांगपिओ | -0.8 |
| बजाैरा | -0.5 |
| सोलन | -0.5 |
| बरठीं | -0.3 |
| सुंदरनगर | -0.2 |