Himachal Weather: छह जिलों में तापमान माइनस में, केलांग में स्टार्ट नहीं हुईं बसें, कोहरे का येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के छह जिलों के कई क्षेत्रों में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ। शीतलहर से पूरे प्रदेश में लोग ठंड से बेहाल हैं। वहीं, सात जिलों के लिए 11 जनवरी तक कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। छह जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, मंडी, कुल्लू और शिमला के कई क्षेत्रों में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज हुआ। ठंड बढ़ने से सड़कों पर पानी जमने से फिसलन बढ़ गई है। बुधवार को ठंड के चलते केलांग में एचआरटीसी की बसें स्टार्ट नहीं हुईं। सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में बुधवार को भी सुबह और शाम के समय घना कोहरा पड़ने का सिलसिला जारी रहा। इन क्षेत्रों में 11 जनवरी तक कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
बुधवार को राजधानी शिमला, धर्मशाला, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में दिन भर धूप खिली रही। अन्य जगहों में सुबह दस बजे के बाद या दोपहर को मौसम साफ हुआ। सोलंगनाला से लेकर अटल टनल व कोकसर में बर्फ देखने बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। बारिश नहीं होने से पहाड़ी भागों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक ठिठुरन बढ़ गई है। राज्य के सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम चल रहा है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 13 जनवरी तक माैसाम साफ रहने का पूर्वानुमान है। बुधवार को शिमला में अधिकतम तापमान 12.6, धर्मशाला-सोलन में 18.0, ऊना में 16.6, नाहन में 16.9, मनाली में 11.0, कांगड़ा में 19.6, मंडी में 20.4 और हमीरपुर में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
| क्षेत्र | न्यूनतम तापमान |
| ताबो | -9.4 |
| कुकुमसेरी | -9.2 |
| कल्पा | -5.2 |
| नारकंडा | -2.9 |
| रिकांगपिओ | -2.0 |
| मनाली | -1.4 |
| सोलन | -1.1 |
| कुफरी | -1.3 |
| सेऊबाग | -0.5 |
| भुंतर | 0.5 |
| सुंदरनगर | 0.7 |
| शिमला | 1.5 |
| मंडी | 2.1 |
| कांगड़ा | 2.5 |
| बिलासपुर | 2.5 |
| हमीरपुर | 2.8 |
| धर्मशाला | 4.8 |
| नाहन | 5.0 |
| ऊना | 5.8 |