HP Panchayat Election: गोपनीय कक्ष में रख दी दो मोहरें, लापरवाही पर पोलिंग पार्टी के चार अधिकारी निलंबित
विकास खंड रामपुर की नरैण पंचायत के ब्रांदली मतदान केंद्र के गोपनीय कक्ष में चुनाव कर्मचारियों ने दो मोहरें रख दीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर विकास खंड की नरैण पंचायत के वार्ड नंबर एक ब्रांदली के चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने पर पोलिंग पार्टी संख्या-65 के समस्त अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जारी किए। ग्राम पंचायत नरैण के वार्ड नंबर-1 स्थित मतदान केंद्र ब्रांदली-1 में तैनात पोलिंग पार्टी की ओर से मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर प्रक्रियात्मक त्रुटि की गई। जांच में पाया गया कि मतदान कक्ष के अंदर निर्धारित एरो क्रॉस मार्क सील के साथ नोटा की रबर स्टैंप भी छोड़ दी गई थी। एक मतदाता की ओर से शिकायत किए जाने पर यह मामला प्रकाश में आया कि उसने अनजाने में नोटा की मुहर उम्मीदवार के स्थान पर लगा दी।
सूचना मिलने तक 124 मतदाता कर चुके थे मतदान
मामले की सूचना सहायक रिटर्निंग अधिकारी को मिलने तक 124 मतदाता मतदान कर चुके थे। इस त्रुटि के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदान को रोकना पड़ा। प्रशासन ने इसे चुनाव प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित पोलिंग पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता अपेक्षित होती है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पूरी पोलिंग पार्टी को निलंबित किया गया है। इसमें राजकीय उच्च विद्यालय देव नगर के टीजीटी एवं प्रीसाइडिंग अधिकारी अनिल कुमार, राजकीय उच्च विद्यालय मश्नू के एनटी एवं पोलिंग अधिकारी प्रकाश चंद, जीएसएसएस मुनिश बहाली के पीईटी एवं पोलिंग अधिकरी राज कुमार और विद्युत उपमंडल सराहन में जेओए एवं पोलिंग अधिकारी रमेश चंद शामिल हैं। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान इन अधिकारियों का मुख्यालय खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामपुर निर्धारित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पंचायत समिति मैहंडी में 28 को होगा पुनः मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत समिति करसोग के वार्ड 12 मैहंडी के संबंध में चल रहे चुनाव को रद्द कर दिया है। अब वहां 28 मई को पुनः मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त मंडी ने सूचित किया है कि पंचायत समिति करसोग के वार्ड संख्या 12 मेहंडी के मतपत्रों की तैयारी में गंभीर खामी पाई गई है। यहां सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन मतपत्रों पर केवल छह नाम ही लिखे गए थे। एक उम्मीदवार का नाम मतपत्रों से गायब था। इसलिए थाच थर्मी और परलोग दो ग्राम पंचायतों के 10 मतदान केंद्रों पर पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। राज्य चुनाव आयोग का यह मत है कि ग्राम पंचायत थाच थर्मी और परलोग से युक्त पंचायत समिति वार्ड संख्या 12 मैहंडी के संबंध में मतदान प्रक्रिया इन ग्राम पंचायतों के 10 मतदान केंद्रों के लिए तैयार किए गए दोषपूर्ण मतपत्रों के कारण दूषित हो गई है। अधिसूचना के अनुसार ग्राम पंचायत और जिला परिषद के पदाधिकारियों के चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे। आयोग ने यह निर्देश भी दिए हैं कि इन ग्राम पंचायतों के जिला परिषद सदस्य के मतपत्रों की गिनती करते समय, 26 मई को इस पंचायत समिति वार्ड से संबंधित मतदान किए गए मतपत्रों को बिना खोले रंग के अनुसार अलग किया जाए और उन्हें सीलबंद लिफाफे में रिटर्निंग ऑफिसर की हिरासत में रखा जाए। मतदान दल को मतदाता सूची की एक नई चिह्नित प्रति जारी की जाएगी। मतदाताओं की दाहिनी तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि 31 मई को मतगणना शुरू होने से पहले डाक मतपत्र संबंधित सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को सौंप दिए जाएं।
जिला परिषद प्रत्याशी वंदना पर बेटे का वोट चालक से डलवाने का आरोप
टिहरा वार्ड से जिला परिषद चुनाव में कथित प्रॉक्सी वोटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चोलथरा निवासी और भाजपा समर्थित जिला परिषद प्रत्याशी वंदना गुलेरिया पर आरोप लगा है कि उनके बेटे दक्ष गुलेरिया का वोट उनके चालक द्वारा डलवाया गया। इस संबंध में रजिता कुमारी और उनके पोलिंग एजेंट ने उपायुक्त मंडी तथा एसडीएम धर्मपुर को शिकायत भेजी है। शिकायत की प्रति संबंधित पोलिंग बूथ अधिकारियों को भी सौंपी गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मतदाता सूची में क्रमांक संख्या 44 पर दर्ज दक्ष के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति ने मतदान किया। उन्होंने प्रशासन से संबंधित वोट को निरस्त करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि चोलथरा क्षेत्र में पिछले चुनावों में भी फर्जी मतदान के मामले सामने आते रहे हैं। वहीं, वंदना गुलेरिया ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा मध्यप्रदेश से विशेष रूप से मतदान करने के लिए आया था। उनके अनुसार उनके बेटे ने स्वयं मतदान किया और इसके बाद लौट गया। उधर, एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौके पर जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को भेजी जाएगी।
मतदान प्रक्रिया प्रभावित करने और भ्रामक शिकायत देने के आरोप
वंदना गुलेरिया के पक्ष की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी को शिकायत पत्र सौंपकर चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप और भ्रामक शिकायत देने के आरोप लगाए गए हैं। पोलिंग एजेंट गांधी राम और राजेंद्र कुमार ने मतदान दिवस की घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप है कि एक सरकारी अधिकारी ने मतदान केंद्र व आसपास के चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया और शांतिपूर्ण मतदान में बाधा डाली। साथ ही सतीश कुमार द्वारा दी गई शिकायत पर भी सवाल उठाए गए हैं। बताया गया है कि वह न तो संबंधित वार्ड का निवासी है और न ही मतदाता।
बंगाणा की ग्राम पंचायत सोहारी में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में मारपीट
बंगाणा उपमंडल की ग्राम पंचायत सोहारी में चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों में जमकर बहसबाजी हुई और देखते-देखते मामला गरमा गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की हुई और गाली-गलौज हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में दो लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद डीएसपी अजय ठाकुर मौके पर पहुंचे और उग्र लोगों को शांत कराया। उन्होंने कहा कि इलाके में सौहार्दपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में स्थानीय लोग सहयोग करें और जो भी अवैध गतिविधियों में हिस्सा लेता पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जोल पुलिस चौकी में दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही।
चुनाव ड्यूटी से नदारद मिले दो कर्मचारी, कारण बताओ नोटिस जारी
पंचायत चुनाव में ड्यूटी में लापरवाही के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामले उपमंडल मनाली के हैं। इनमें एक कर्मचारी कटराईं में वार्ड नंबर-दो बूथ अधिकारी और दूसरा दूसरा पोलिंग पार्टी नंबर 66 में नियुक्त था, लेकिन दोनों कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले हैं। ऐसे में कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही पर उपमंडलाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर मनाली गुरजीत चीमा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने नदारद पाए गए कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का स्पष्टीकरण लिखित में मांगा है। चीमा ने कहा कि कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
हथियार जमा न करवाने पर रोहड़ू और चिड़गांव में एफआईआर दर्ज
पंचायतीराज चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी लाइसेंसधारकों को अपने हथियार संबंधित पुलिस थाना, पुलिस चौकी और अधिकृत गन हाउस में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। 90 प्रतिशत से अधिक हथियार जमा करवाए जा चुके हैं। वहीं, हथियार जमा न करवाने पर रोहड़ू और चिड़गांव में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि बार-बार सूचना और प्रशासनिक निर्देश जारी किए जाने के बाद भी कुछ लाइसेंसधारकों ने आदेशों की अवहेलना की है। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू और चिड़गांव में एफआईआर दर्ज की गई हैं।