Himachal News: एचपीयू शिमला में शुरू होंगे नए युग के पाठ्यक्रम, बीटेक एआई के लिए 5 करोड़ रुपये का एलान
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 57वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बी.टेक. एआई पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए विदेश एक्सपोजर विजिट, नए तकनीकी पाठ्यक्रम, डिजिटल लाइब्रेरी और ग्रीन हाइड्रोजन पर विशेष फोकस की बात कही। इस दौरान 16.34 करोड़ रुपये की दो आधारभूत परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के 57वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्वविद्यालय को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में नए युग के रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे और शिक्षकों व विद्यार्थियों को विदेशों में एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में बी.टेक. (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 5 करोड़ रुपये के विशेष अनुदान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, डेटा स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे उभरते क्षेत्रों में अग्रणी संस्थान बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को ग्रीन हाइड्रोजन के लिए नोडल एजेंसी के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय में आठ वर्ष बिताए और उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत भी यहीं से हुई। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश और देश को अनेक योग्य अधिकारी, शिक्षाविद और जनप्रतिनिधि दे चुका है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और कुलपति प्रो. महावीर सिंह का भी उल्लेख किया, जो इसी विश्वविद्यालय से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वित्तीय चुनौतियों के बावजूद शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं। पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल, एक्सपोजर विजिट और 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल शुरू करने जैसी पहल से सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब सरकारी स्कूलों में 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को रोजगारोन्मुखी और तकनीक आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में 10.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी तथा 6.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के प्रशासनिक भवन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक शोध सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप विश्वविद्यालय में पांच नए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने आईआईटी रुड़की सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए हैं।
- बी.टेक. (AI) पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 5 करोड़ रुपये का अनुदान।
- शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए विदेश एक्सपोजर विजिट।
- एचपीयू को ग्रीन हाइड्रोजन के लिए नोडल एजेंसी बनाने की योजना।
- एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग और डेटा स्टोरेज जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों पर जोर।
- 10.25 करोड़ रुपये की डिजिटल लाइब्रेरी का शिलान्यास।
- 6.09 करोड़ रुपये के लीगल स्टडीज प्रशासनिक भवन का शिलान्यास।
- विश्वविद्यालय में पांच नए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।