HPU Shimla: एलएलएम की सेमेस्टर परीक्षाएं मार्च-अप्रैल में, 16 मार्च तक भरेंगे परीक्षा फार्म
विद्यार्थी विश्वविद्यालय की परीक्षा वेबसाइट पर 16 मार्च तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद परीक्षा फार्म भरने पर विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार विलंब शुल्क देय होगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की एलएलएम प्रथम सेमेस्टर (नियमित एवं पुनः परीक्षा) तथा द्वितीय सेमेस्टर (पुनः परीक्षा) की परीक्षाएं मार्च और अप्रैल में होंगी। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की परीक्षा वेबसाइट पर 16 मार्च तक ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद परीक्षा फार्म भरने पर विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार विलंब शुल्क देय होगा। विधि विभाग के अध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया के दौरान केवल पात्र विद्यार्थियों को ही अनुमति दी जाए। विभागीय पहचान के अंतर्गत उपलब्ध प्रवेश स्वीकृति सुविधा के माध्यम से किसी भी अपात्र अभ्यर्थी को परीक्षा फार्म भरने की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही विभागाध्यक्षों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा फार्म का सत्यापन केवल पात्र विद्यार्थियों का ही किया जाए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी विद्यार्थी को परीक्षा फार्म भरने में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वह संबंधित विभागाध्यक्ष से संपर्क कर सकता है। विभागाध्यक्षों को ऐसे मामलों में विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
एचपीयू : बीए, बीएससी ऑनर्स परीक्षा की अस्थायी तिथि जारी, एमए और एमएससी का परिणाम घोषित
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीए और बीएससी ऑनर्स प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय वर्ष की वार्षिक परीक्षाओं के लिए अस्थायी तिथि जारी कर दी है। 7 मार्च तक मिलने वाली आपत्तियों पर विचार होगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें और तिथि-सूची की शीघ्र जांच कर लें। अंतिम तिथि-सूची 10 मार्च को जारी की जाएगी। अंतिम सूची जारी होने के बाद प्रश्नपत्रों के टकराव या तिथि से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नवंबर-दिसंबर में आयोजित परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। एमए समाजशास्त्र प्रथम सेमेस्टर के नियमित बैच का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.54 रहा, जबकि जनवरी बैच का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। एमए समाजशास्त्र तृतीय सेमेस्टर के नियमित बैच का परिणाम 99.07 प्रतिशत और जनवरी बैच शत-प्रतिशत रहा। एमएससी डाटा साइंस प्रथम सेमेस्टर के नियमित बैच का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा है।
पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा अब 7 की जगह 9 मार्च को
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने पीएचडी कोर्स वर्क (सीबीसीएस) की संशोधित तिथि-सूची में बॉटनी के एक पाठ्यक्रम की परीक्षा तिथि में बदलाव किया है। बॉटनी की यह परीक्षा अब 9 मार्च को होगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा के अनुसार, सीबीसीएस की संशोधित तिथि-सूची 18 फरवरी को जारी की थी। इसमें बॉटनी से संबंधित पाठ्यक्रम प्लांट संसाधनों का टिकाऊ उपयोग तथा जैव विविधता, जैव खोज एवं जातीय वनस्पति की परीक्षा 7 मार्च दोपहर 2 से 5 बजे निर्धारित थी। अब इसे संशोधित करते हुए यह परीक्षा 9 मार्च दोपहर 2 से 5 बजे कर दी गई है। अन्य सभी विषयों और परीक्षाओं की तिथियां पूर्ववत रहेंगी।
सीडीओई और संगीत विभाग की प्रायोगिक परीक्षाएं 6 से 10 तक
एचपीयू के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के तहत एमए संगीत तथा बीए संगीत की ऑफलाइन प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सभी परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी। एमए संगीत प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सेमेस्टर तथा पुनः परीक्षा की प्रायोगिक परीक्षाएं 9 और 10 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर स्थित सीडीओई भवन की तीसरी मंजिल पर होंगी। 9 मार्च को एमए प्रथम और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 9 बजे से होगी। 10 मार्च को एमए द्वितीय और तृतीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं प्रातः और सायं सत्र में होंगी। विद्यार्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा के दिन सेमीनार फाइल और परियोजना फाइल की हार्ड कॉपी अनिवार्य रूप से परीक्षक को जमा करवाएं। बिना फाइल जमा किए परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में बीए संगीत प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षाएं 6 और 7 मार्च को होंगी। बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा 6 मार्च को सुबह 10 बजे से होगी। 7 मार्च को बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षाएं भी सुबह 10 बजे से होंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रायोगिक परीक्षाएं ऑफलाइन कराई जाएंगी।