सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Rajeev Bindal Says False Guarantees and Rising Debt Have Pushed Himachal into a No Return Situation

Himachal News: राजीव बिंदल बोले- झूठी गारंटियों और बढ़ते कर्ज ने हिमाचल को 'नो रिटर्न' की स्थिति में पहुंचाया

न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Fri, 20 Mar 2026 02:00 PM IST
विज्ञापन
सार

शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय चक्कर (शिमला) में बैठक के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तथाकथित 'व्यवस्था परिवर्तन' वास्तव में 'व्यवस्था पतन' में बदल चुका है। पढ़ें पूरी खबर...

Rajeev Bindal Says False Guarantees and Rising Debt Have Pushed Himachal into a No Return Situation
बैठक अध्यक्षता करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, चक्कर (शिमला) में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महामंत्रियों एवं प्रदेश सचिवों ने भाग लिया। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि, एसआईआर के तहत चल रहे कार्यक्रमों तथा बूथ स्तर पर संचालित अभियानों की भी समीक्षा की गई। साथ ही 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस एवं 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

Trending Videos

बैठक के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला चौथा बजट भी प्रदेश की जनता के साथ एक और बड़ा धोखा साबित होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस ने झूठी गारंटियों का जाल बिछाकर 65 लाख मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया और सत्ता प्राप्त की।
विज्ञापन
विज्ञापन

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने 28 लाख महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने का वादा किया था, जिसे पहली कैबिनेट में लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक प्रदेश की महिलाओं को एक भी रुपया नहीं मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री ₹1500 की जगह ₹100 देने की बात कर रहे हैं, जो कांग्रेस की नीयत और नीति दोनों को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को 5 लाख रोजगार और 1 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन आज तक एक भी वादा धरातल पर दिखाई नहीं देता। बेरोजगार युवाओं के साथ यह एक बड़ा मजाक है और आने वाला बजट भी उनके साथ छलावा ही साबित होगा। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अब तक लगभग ₹45,000 करोड़ का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को गंभीर संकट में डाल दिया है। इसके बावजूद विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंद कर दिए गए हैं, भर्तियां रोक दी गई हैं और सड़कों व पेयजल योजनाओं पर काम बंद पड़ा है।

उन्होंने कहा कि एक ओर विकास कार्य ठप हैं, वहीं दूसरी ओर जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। बिजली, पानी, एचआरटीसी किराया, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट, पेट्रोल-डीजल और राशन के दामों में भारी वृद्धि की गई है तथा सब्सिडी खत्म कर आम जनता की कमर तोड़ दी गई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी, अधिकारी और सेवानिवृत्त वर्ग अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। विद्यार्थियों को न तो वर्दी मिल रही है और न ही स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं। बिना योजना और बिना तैयारी के फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों चरमराई हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का तथाकथित 'व्यवस्था परिवर्तन' वास्तव में 'व्यवस्था पतन' में बदल चुका है और प्रदेश को एक ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां से वापस लौटना कठिन प्रतीत हो रहा है।

अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल, दिशाहीन और जनविरोधी साबित हुई है। प्रदेश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed