Himachal News: राजीव बिंदल बोले- झूठी गारंटियों और बढ़ते कर्ज ने हिमाचल को 'नो रिटर्न' की स्थिति में पहुंचाया
शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय चक्कर (शिमला) में बैठक के पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तथाकथित 'व्यवस्था परिवर्तन' वास्तव में 'व्यवस्था पतन' में बदल चुका है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, चक्कर (शिमला) में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रदेश महामंत्रियों एवं प्रदेश सचिवों ने भाग लिया। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि, एसआईआर के तहत चल रहे कार्यक्रमों तथा बूथ स्तर पर संचालित अभियानों की भी समीक्षा की गई। साथ ही 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस एवं 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि एक ओर विकास कार्य ठप हैं, वहीं दूसरी ओर जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ाया जा रहा है। बिजली, पानी, एचआरटीसी किराया, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट, पेट्रोल-डीजल और राशन के दामों में भारी वृद्धि की गई है तथा सब्सिडी खत्म कर आम जनता की कमर तोड़ दी गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी, अधिकारी और सेवानिवृत्त वर्ग अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। विद्यार्थियों को न तो वर्दी मिल रही है और न ही स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं। बिना योजना और बिना तैयारी के फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों चरमराई हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का तथाकथित 'व्यवस्था परिवर्तन' वास्तव में 'व्यवस्था पतन' में बदल चुका है और प्रदेश को एक ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है जहां से वापस लौटना कठिन प्रतीत हो रहा है।
अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल, दिशाहीन और जनविरोधी साबित हुई है। प्रदेश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।