{"_id":"56e4162c4f1c1b3a5b8b456b","slug":"rescue-operation-in-manimahesh-stopped-due-to-heavy-snowfall","type":"story","status":"publish","title_hn":"मणिमहेश पर्वत पर सर्च ऑपरेशन बंद, बचाव दल लौटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मणिमहेश पर्वत पर सर्च ऑपरेशन बंद, बचाव दल लौटा
ब्यूरो/अमर उजाला, भरमौर (चंबा)
Updated Sat, 12 Mar 2016 06:44 PM IST
विज्ञापन

मणिमहेश में लापता डल्हौजी के दो युवक।
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
मणिमहेश पर्वत की भैरोघाटी में लापता युवकों की खोज में सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। खराब मौसम और बर्फबारी के बाद सेना के जवान और पर्वतारोहण दल के सदस्य अभियान को अधूरा छोड़ वापस लौट आए हैं। अब सर्च ऑपरेशन का आगे बढ़ना मौसम पर निर्भर हो गया है। भैरोघाटी में पिछले 24 घंटों में तीन से चार फीट तक ताजा हिमपात हुआ है।

Trending Videos
हड़सर से सुंदरासी तक पूरे मार्ग में बर्फ जमा हो गई है। बारिश का क्रम भी जारी है। इससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को ही पर्वतारोहण संस्थान ने मौसम का मिजाज देखते हुए अभियान को रोकने की बात कही थी। इस अभियान में सियाचिन से पहुंचे सेना के आठ जवान, पर्वतारोहण संस्थान दल के 15 सदस्य समेत कुल 31 लोग शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
सभी ने वीरवार को धनछो और सुंदरासी के लिए चढ़ाई की थी। शुक्रवार को खोज अभियान का पहला दिन था। सिर्फ तीन घंटे तक ही अभियान चल पाया। इसके बाद पूरा दिन बर्फबारी होती रही। पूरी रात बर्फबारी जारी रहने और शनिवार सुबह भी मौसम खराब होने के बाद बचाव दल ने अभियान को रोकने का फैसला किया। यह दल शनिवार दोपहर बाद तक हड़सर पहुंच गया था।
अभियान बंद पर उम्मीदें कायम- उपमंडल अधिकारी भरमौर डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए बचाव दल को वापस बुला लिया है। बचाव दल अपने साथ ले गए सामान को बेस कैंप में छोड़ आया है। इससे अभियान के दोबारा शुरू होने की उम्मीदें खत्म नहीं हुई हैं।
मुश्किल था खराब मौसम में अभियान- पर्वतारोहण संस्थान प्रभारी गौतम ठाकुर ने कहा कि खराब मौसम में अभियान चलाना बाकी 31 लोगों की जान को जोखिम में डालने वाला था। सुंदरासी और भैरोघाटी में तीन से चार फीट ताजा हिमपात हुआ है। रात के समय तापमान में काफी गिरावट आ गई है। भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में अभियान को रोकने के अलावा कोई रास्ता नहीं था।
हड़सर में फंसा बचाव दल- मणिमहेश पर्वत पर लापता युवकों की तलाश में गया बचाव दल लौटते वक्त शनिवार को हड़सर में फंस गया। हड़सर-भरमौर मार्ग के भूस्खलन की वजह से बाधित होने से बचाव दल को काफी देर तक हड़सर में रुकना पड़ा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बहाल किया। इस दौरान हड़सर जाने वाले कई वाहन भी मार्ग में फंसे रहे।