प्रीति जिंटा के लिए कैसे खास बना ये हिमाचली?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के स्टार क्रिकेटर ऋषि धवन ने डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा का दिल जीत लिया है। यह नौजवान खिलाड़ी किंग्स इलेवन पंजाब की मालकिन के भरोसे पर सही उतरा है। वहीं, प्रीति जिंटा ने ऋषि को अपनी टीम के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये में खरीदा है।
रणजी में बेहतर प्रदर्शन के बूते आईपीएल में एंट्री मारने वाले हिमाचली गबरू ऋषि धवन ने अपना कमाल शुरू कर दिया है। बंगलूरू के खिलाफ खेले गए आईपीएल के पांचवें मैच में धवन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। धवन ने कप्तान जॉर्ज बेली के साथ 39 रन की साझेदारी की। इसमें 23 रन का व्यक्तिगत योगदान दिया।
अपनी पारी में तीन चौके जड़े। इससे पहले गेंदबाजी में भी धवन का खूब डंका बजा। उन्होंने युवराज सिंह और एवी डीविलियर्स का विकेट झटका। बंगलूरू के एक वक्त 26 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद डीविलियर्स और युवी ने पारी को संभाल लिया था। दोनों का विकेट झटक कर धवन ने अपनी टीम की राह को आसान बना दिया।
पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस से खेले थे
मूलतया मंडी शहर के रहने वाले ऋषि धवन हिमाचल रणजी टीम से खेलते हैं। पिछले आईपीएल सीजन में वह मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल रहे थे। इस सीजन में ऋषि धवन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन इस बार वह गेंद और बल्ले दोनों से खूब कमाल दिखा रहे हैं।
उनके इस प्रदर्शन से प्रदेश भर के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। अपने हरफनमौला खेल से ऋषि धवन ग्लेन मैक्सवेल और डेविड मिलर जैसे बड़े खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे हैं।
वहीं, कमेंटेटर भी हिमाचली सितारे की तारीफों के पुल बांधते नहीं थकते। बेहतरीन गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से भी दमदार प्रदर्शन करने वाले धवन अब किंग्स इलेवन पंजाब में बतौर आलराउंडर लगभग अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।