Himachal: 3500 रुपये किराये पर पूरा होगा 25 मिनट में मंडी से चंडीगढ़ का सफर, शुरू हुई हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा की शुरुआत की। हालांकि, पहले दिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित की जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडी से चंडीगढ़ की यात्रा अब महज 25 मिनट में पूरी की जा सकेगी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को मंडी-चंडीगढ़ सीधी हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से इस सेवा की शुरुआत की। हालांकि, पहले दिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। इस सेवा के शुरू होने से मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को कम समय में चंडीगढ़ पहुंचने की सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मंडी में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन, हिमाचल प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने की सरकार की योजना की जानकारी भी साझा की।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी से चंडीगढ़ के लिए एकतरफा किराया 3500 रुपये निर्धारित किया गया है। हेलीकॉप्टर में एक समय में छह यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जिन्हें चिकित्सा, व्यवसाय, शिक्षा या अन्य जरूरी कार्यों के लिए कम समय में चंडीगढ़ पहुंचना पड़ता है। सड़क मार्ग से जहां मंडी से चंडीगढ़ पहुंचने में करीब पांच से छह घंटे लगते हैं, वहीं हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से यह दूरी केवल 25 मिनट में पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसम साफ रहने पर प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित होंगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए उड़ानों का समय निर्धारित किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर सेवाओं के विस्तार पर भी विचार किया जाएगा। कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार चरणबद्ध तरीके से हेलीकॉप्टर सेवा का विस्तार कर रही है। पहले चरण में सभी जिला मुख्यालयों को इस सेवा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें कई जिलों में सेवाएं शुरू भी हो चुकी हैं। दूसरे चरण में उपमंडल स्तर तक हेलीकॉप्टर सेवा पहुंचाने की योजना है, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को भी तेज और सुविधाजनक हवाई संपर्क मिल सकेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.