चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स: अलीरेजा फिरोजा ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया, लगातार दूसरी जीत से शीर्ष पर पहुंचे
चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 के दूसरे दौर में फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने विश्व चैंपियन डी. गुकेश को 69 चालों में हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दो अंकों के साथ वह अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। अन्य मुकाबलों में अर्जुन एरिगैसी, निहाल सरीन और एम. प्रणेश ने ड्रॉ खेला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश को दूसरे दौर में 69 चालों के बाद मात दी। इस जीत के साथ फिरोजा ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और दो अंकों के साथ टूर्नामेंट में एकल बढ़त हासिल कर ली।
चेन्नई के वेस्टिन होटल में आयोजित इस प्रतिष्ठित क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट में दुनिया के आठ शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि 75 लाख रुपये है, जबकि खिलाड़ियों के लिए फीडे सर्किट अंक हासिल करने का भी यह अहम अवसर है।
एंडगेम में फिरोजा ने दिखाई क्लास
गुकेश और फिरोजा के मुकाबले की पहली चाल वेस्टिन चेन्नई वेलाचेरी के जनरल मैनेजर दीपराज मुखर्जी ने चली। सफेद मोहरों से खेल रहे फिरोजा ने रुई लोपेज ओपनिंग चुनी। मुकाबला लंबे समय तक बराबरी का रहा और ऐसा लग रहा था कि गुकेश नाइट-पॉन एंडगेम में ड्रॉ बचा लेंगे। लेकिन निर्णायक क्षणों में फिरोजा ने शानदार पॉन सैक्रिफाइस (प्यादे की कुर्बानी) और सटीक एंडगेम तकनीक का प्रदर्शन करते हुए बाजी पूरी तरह पलट दी। आखिरकार 69 चालों के बाद उन्होंने विश्व चैंपियन को हार मानने पर मजबूर कर दिया।
बाकी मुकाबले रहे ड्रॉ
दूसरे दौर के अन्य मुकाबलों में भारतीय ग्रैंडमास्टर एम. प्रणेश ने पहले दौर की हार से उबरते हुए रूस के दिमित्री आंद्रेइकिन के खिलाफ सिर्फ 18 चालों में मुकाबला ड्रॉ कराया। वहीं भारत के अर्जुन एरिगैसी और उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव के बीच 43 चालों तक चले मुकाबले का भी कोई नतीजा नहीं निकला।
132 चालों तक चला सबसे लंबा मुकाबला
दिन का सबसे रोमांचक और सबसे लंबा मुकाबला भारत के निहाल सरीन और अमेरिका के हैंस नीमन के बीच खेला गया। दोनों खिलाड़ियों ने लगभग छह घंटे तक चले संघर्ष में असाधारण धैर्य और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। आखिरकार 132 चालों के बाद मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जो अब तक टूर्नामेंट का सबसे लंबा मैच रहा।
खिताब के मजबूत दावेदार बने फिरोजा
पहले दौर में भी अलीरेजा फिरोजा ने भारतीय ग्रैंडमास्टर एम. प्रणेश को 79 चालों तक चले मुकाबले में हराया था। लगातार दो जीत के साथ फ्रांसीसी खिलाड़ी ने शुरुआती दौर में ही अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। विश्व चैंपियन गुकेश पर मिली जीत न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें खिताब की दौड़ में सबसे आगे भी ले आई है। अब टूर्नामेंट के अगले दौरों में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या फिरोजा अपनी विजयी लय बरकरार रख पाते हैं या भारतीय खिलाड़ी वापसी कर मुकाबले को और रोमांचक बनाते हैं।