FIFA World Cup 2026: फाइनल नहीं खेल पाए, अब तीसरे स्थान के लिए भिड़ेंगे फ्रांस और इंग्लैंड; किसका पलड़ा भारी?
FIFA WC 2026, France vs England Live Streaming: फ्रांस और इंग्लैंड अब तीसरे स्थान के प्लेऑफ में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों ने माना कि वे यह मुकाबला नहीं खेलना चाहती थीं, फिर भी अब कांस्य पदक जीतकर सम्मान के साथ टूर्नामेंट का अंत करना उनकी सबसे बड़ी चुनौती होगी। आइए जानते हैं कि दर्शक कब और कहां ये मैच देख सकेंगे...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल खेलने का सपना टूट चुका है, लेकिन सफर अभी खत्म नहीं हुआ। फ्रांस और इंग्लैंड अब तीसरे स्थान के प्लेऑफ में आमने-सामने होंगे। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमों ने खुद स्वीकार किया है कि वे इस मुकाबले को नहीं खेलना चाहती थीं, क्योंकि उनकी मंजिल फाइनल थी। हालांकि, अब दोनों के सामने कांस्य पदक जीतकर सम्मान के साथ टूर्नामेंट का अंत करने का मौका है। ऐसे में हार की मायूसी के बीच यह मुकाबला प्रतिष्ठा, आत्मसम्मान और जीत के साथ विदाई की लड़ाई बन गया है।
क्या बोले इब्राहिमा कोनाटे?
फ्रांस के डिफेंडर इब्राहिमा कोनाटे ने कहा कि कोई भी खिलाड़ी तीसरे स्थान का मैच नहीं खेलना चाहता था, लेकिन यह विश्व कप का आधिकारिक मुकाबला है। उन्होंने कहा कि फ्रांस और इंग्लैंड के बीच लंबा इतिहास रहा है और टीम इस मैच के लिए तैयार है।
टुकेल ने क्या कहा?
इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुकेल ने कहा कि सभी चार सेमीफाइनलिस्ट टीमों का सपना फाइनल खेलना था, लेकिन अब यह आधिकारिक विश्व कप मैच है और इंग्लैंड के पास 60 वर्षों में अपना सर्वश्रेष्ठ विश्व कप परिणाम हासिल करने का मौका है। उन्होंने कहा कि टीम को पूरे टूर्नामेंट में दिखाई गई मानसिकता एक बार फिर मैदान पर दिखानी होगी।
टुकेल ने यह भी माना कि अर्जेंटीना के खिलाफ टीम जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक हो गई थी। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने फैसले सहज सोच के आधार पर लिए थे और उन्हें उन पर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को जिम्मेदारी लेनी है तो वह खुद लेने के लिए तैयार हैं।
क्या गोल्डन बूट की दौड़ में एम्बाप्पे आगे निकल पाएंगे?
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे इस मुकाबले में गोल्डन बूट जीतने की दौड़ में बने रहेंगे। उनके नाम आठ गोल हैं और वह अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी की बराबरी पर हैं। हालांकि चार असिस्ट की बदौलत मेस्सी फिलहाल टाईब्रेकर में आगे हैं। इंग्लैंड के हैरी केन और जूड बेलिंगहम के नाम छह-छह गोल हैं।
क्या यह डिडिएर डेसचैम्प्स का आखिरी मैच होगा?
फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स के लिए यह राष्ट्रीय टीम के साथ आखिरी मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि फ्रांस की जर्सी पहनकर टीम का नेतृत्व करना उनके पेशेवर करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। डेसचैम्प्स की कोचिंग में फ्रांस ने 2018 विश्व कप जीता था और 2022 में फाइनल तक पहुंचा था।
टुकेल ने संकेत दिए हैं कि इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वहीं डेसचैम्प्स ने भी कहा कि वह अपनी नियमित टीम में कुछ परिवर्तन करेंगे।
हम यहां आपको फ्रांस बनाम इंग्लैंड मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच भारतीय समयानुसार कब खेला जाएगा?
फ्रांस बनाम इंग्लैंड तीसरे स्थान का मुकाबला भारतीय समयानुसार रविवार (19 जुलाई) को खेला जाएगा।
फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच कहां खेला जाएगा?
यह मुकाबला मियामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच कितने बजे शुरू होगा?
भारतीय समयानुसार मैच देर रात 2:30 बजे शुरू होगा।
फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच टीवी पर लाइव प्रसारण होगा?
इस मुकाबले का सीधा प्रसारण Unite8 Sport पर किया जाएगा।
फ्रांस बनाम इंग्लैंड मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देख सकते हैं?
भारत में इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप पर उपलब्ध होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।