फीफा विश्वकप में कल क्या हुआ और आज क्या?: कनाडा अंतिम-16 में; 19वें दिन खेले जाएंगे तीन सुपरहिट नॉकआउट मुकाबले
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में कनाडा ने स्टीफन एउस्ताकियो के इंजरी टाइम गोल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। अब उसका सामना नीदरलैंड्स-मोरक्को के विजेता से होगा। आज के मुकाबले देखने के लिए खबर विस्तार से पढ़ें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। 18वें दिन कनाडा ने आखिरी मिनटों में गोल दागकर दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराया और पहली बार राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली। वहीं 19वें दिन राउंड ऑफ 32 के तीन बड़े मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें ब्राजील, जर्मनी और नीदरलैंड्स जैसी दिग्गज टीमें मैदान में उतरेंगी।
आखिरी मिनट में एउस्ताकियो बने कनाडा के हीरो
- राउंड ऑफ 32 में दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के बीच मुकाबला पूरे समय बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सकीं।
- मैच के इंजरी टाइम (90+2वें मिनट) में कनाडा के मिडफील्डर स्टीफन एउस्ताकियो ने बॉक्स के बाहर उछलती गेंद पर शानदार शॉट लगाया, जो सीधे गोलपोस्ट के निचले कोने में जाकर लगा।
- इसी गोल की बदौलत कनाडा ने 1-0 से जीत दर्ज की और अंतिम-16 का टिकट हासिल कर लिया।
- अब कनाडा का अगला मुकाबला नीदरलैंड्स और मोरक्को के बीच आज (19वें दिन) होने वाले विजेता से होगा।
दक्षिण अफ्रीका ने भी छोड़ी मजबूत छाप
दक्षिण अफ्रीका ने पहले हाफ में कई अच्छे मूव बनाए, लेकिन फिनिशिंग कमजोर रही। गोलकीपर रॉनवेन विलियम्स ने शानदार बचाव करते हुए कनाडा को लंबे समय तक गोल से दूर रखा। हालांकि आखिरी क्षणों में टीम गोल बचाने में नाकाम रही। इसके बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने इतिहास रचते हुए पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण तक पहुंचकर शानदार प्रदर्शन किया।
74 वर्षीय कोच ने बनाया विश्व कप इतिहास
दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच ह्यूगो ब्रूस 74 वर्ष 79 दिन की उम्र में फीफा विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में टीम को कोचिंग देने वाले सबसे उम्रदराज कोच बन गए। उन्होंने उरुग्वे के पूर्व कोच ऑस्कर तबरेज का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 विश्व कप में 71 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
प्लेयर ऑफ द मैच एउस्ताकियो ने क्या कहा?
कनाडा के मिडफील्डर स्टीफन एउस्ताकियो को उनके विजयी गोल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मैच के बाद कहा, 'हमने इस जीत के लिए बहुत मेहनत की। हम यह जीत कनाडा के सभी लोगों को समर्पित करना चाहते थे। हमने आखिर तक विश्वास बनाए रखा और लगातार कोशिश करते रहे। गोल शानदार था, लेकिन जब मैंने शॉट लगाया तो मुझे लगा जैसे पूरी टीम ने मेरे साथ वह शॉट मारा हो। सभी की ताकत उस गेंद में शामिल थी और वह जाल में चली गई। मैं बेहद खुश हूं। अब चाहे मोरक्को आगे आए या नीदरलैंड्स, हम चाहते हैं कि वे हमारा खेल देखें और महसूस करें कि उन्हें इस विश्व कप का सबसे कठिन मुकाबला खेलने को मिलेगा। हमने शानदार प्रदर्शन किया है और अगला मैच भी बेहतरीन होगा।'
19वें दिन का शेड्यूल (राउंड ऑफ 32)
| समय (भारतीय समय) | मुकाबला |
|---|---|
| रात 10:30 बजे | ब्राजील vs जापान |
| रात 2:00 बजे (30 जून) | जर्मनी vs पराग्वे |
| सुबह 6:30 बजे (30 जून) | नीदरलैंड्स vs मोरक्को |
आज क्या खास रहेगा?
विश्व कप के 19वें दिन तीन हाई-वोल्टेज नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। पांच बार की चैंपियन ब्राजील की टक्कर एशिया की सबसे शानदार टीम जापान से होगी। जबकि जर्मनी के सामने पराग्वे की चुनौती रहेगी। जर्मनी को इक्वाडोर ने हराया था। ऐसे में क्या पराग्वे की टीम जर्मनी को बाहर कर एक और उलटफेर कर पाएगी? यह तो देखने वाली बात होगी। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला नीदरलैंड्स और मोरक्को के बीच होगा, क्योंकि इसी मैच का विजेता अगले दौर में कनाडा से भिड़ेगा।