सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Koneru Humpy statement after Withdrawing from Candidates Tournament

Chess: पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण हालात से घबराईं कोनेरू हंपी, कैंडिडेट्स से नाम वापस लेने के बाद क्या बोलीं?

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Mon, 23 Mar 2026 08:18 PM IST
विज्ञापन
सार

कैडिंडेट्स टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से साइप्रस में होगी। इससे पहले भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण प्रतियोगिता से नाम वापस लेने का फैसला किया है। अपने इस फैसले के पीछे की वजहों को लेकर अब उन्होंने खुलकर चर्चा की है। आइये जानते हैं...

Koneru Humpy statement after Withdrawing from Candidates Tournament
कोनेरू हंपी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार

पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालातों के चलते भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी ने इस महीने के अंत में साइप्रस में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से हटने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि  युद्धपोतों से घिरे रहते हुए शांतिपूर्वक खेलना संभव नहीं है। इस दौरान हंपी ने अपने फैसले पर अडिग रहते हुए बताया कि उन्हें किसी तरह के जुर्माने का डर नहीं है। उनके लिए आर्थिक लाभ से ज्यादा सुरक्षा महत्वपूर्ण है।
Trending Videos

28 मार्च से साइप्रस में शुरू होगा टूर्नामेंट
विश्व चैंपियनशिप के खिताबों के लिए चुनौती पेश करने वाले खिलाड़ियों का फैसला करने वाला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होना है। पुरुष वर्ग का खिताब भारत के डी गुकेश जबकि महिला वर्ग का खिताब चीन की जू वेनजुन के पास है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

हंपी ने जताई हालातों पर चिंता
हंपी ने सोमवार को समाचार एजेंसी पीटीआई से अपने फैसले को लेकर बात की। उन्होंने कहा, 'आप युद्धपोतों से घिरे होने पर नहीं खेल सकते। अगर मुझ जैसी विदेशी महिला को इतनी महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के लिए यात्रा करनी पड़े, तो मैं बिना किसी डर और एकाग्रता से कैसे खेल सकती हूं?'

टूर्नामेंट से नाम वापस लेने के बाद हंपी पर लग सकता है जुर्माना
हंपी 16 प्रतिभागियों (ओपन वर्ग में आठ और महिला वर्ग में आठ) में से नाम वापस लेने वाली अकेली खिलाड़ी हैं। उनके इस कदम से उन पर भारी आर्थिक जुर्माना लगने की संभावना है, लेकिन इस खिलाड़ी ने कहा कि उन्हें इसका डर नहीं है। इस पर हंपी ने कहा, 'देखिए, यही तो मसला है। इसीलिए वे (अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ यानी फिडे) इस तरह का जुर्माना रखते हैं, ताकि खिलाड़ी तथ्य न बोलें। मुझे इसका डर नहीं है। मैं सिर्फ पैसे या आर्थिक लाभ के लिए नहीं खेल रही हूं। मुझे बस खेल में आनंद आता है।'

इस दौरान भारतीय शतरंज खिलाड़ी हंपी ने कहा कि कैडिंडेट्स टूर्नामेंट को एक महीने के लिए स्थगित किया जा सकता था या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जा सकता था, जिससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता। पिछले साल महिला विश्व कप में उपविजेता रहने के बाद कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करने वाली दिग्गज खिलाड़ी ने कहा, 'वे टूर्नामेंट को दुनिया में कहीं भी आयोजित कर सकते थे। अगर वे साइप्रस में ही इसे आयोजित करने पर अड़े थे, तो वे स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर सकते थे।'

परिवार का मिला समर्थन
कोनेरू हंपी ने कहा कि उनके इस फैसले में उनके परिवार का पूरा समर्थन है। उन्होंने कहा, 'साइप्रस, लेबनान और इजराइल के बहुत करीब है। इस द्वीप पर ब्रिटेन के एक अड्डे पर ड्रोन हमले की पुष्टि भी हुई है। साइप्रस के राष्ट्रपति ने खुद हाल ही में यूरोपीय संघ के साथ हुई चर्चा में द्वीप पर ब्रिटेन के अड्डे को लेकर चिंता व्यक्त की थी।' उन्होंने कहा, 'देश के राष्ट्रपति अगर खुद यूरोपीय संघ में चिंता जता रहे हैं, तो मुझ जैसी विदेशी खिलाड़ी और महिला के लिए द्वीप की यात्रा को लेकर आशंकित होना क्या गलत है?'

हम्पी ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि 15 खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और उन्होंने नाम वापस ले लिया है, इसका मतलब यह नहीं है कि आयोजकों का इस प्रतियोगिता को जारी रखना सही है। उन्होंने कहा, 'बेशक, लोग सवाल उठा सकते हैं, जैसे कि 15 खिलाड़ी खेलने के लिए तैयार हैं और सिर्फ आप ही इस ओर इशारा कर रही हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अगर सभी खेल रहे हैं, तो आयोजक जो कर रहे हैं, वह सही है। हो सकता है कि आयोजन बिना किसी बाधा के हो जाए, कोई नहीं जानता। लेकिन बात यह है कि ऐसी परिस्थितियों में इसकी कोई आवश्यकता नहीं थी। जैसे कि यह स्पष्ट है कि अमेरिका और ब्रिटेन ने लेवल 3 (सलाह) जारी की है।'

हंपी की जगह यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक को मिला मौका
यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक को साइप्रस में होने वाले आगामी कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में कोनेरू हम्पी की जगह शामिल किया गया है। फिडे ने एक बयान में कहा, 'टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार हंपी की जगह महिला इवेंट्स सीरिज 2024-25 में अगला सर्वश्रेष्ठ स्थान पाने वाली खिलाड़ी को दी गई है जिसने अभी तक क्वालिफाई नहीं किया है। यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक यह टूर्नामेंट खेलेंगी।' वह महिला विश्व रैपिड चैम्पियन (2016) और दो बार महिला विश्व ब्लिट्ज चैम्पियन (2014 और 2016) रह चुकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed