सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Neeraj Chopra Set for Return, Faces Rising Sri Lankan Star Rumesh Pathirage at Doha Diamond League

Doha Diamond League: राष्ट्रमंडल खेल की दावेदारी मजबूत करने उतरेंगे नीरज चोपड़ा, कब-कहां देख सकेंगे मैच?

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 18 Jun 2026 05:05 PM IST
सार

पीठ की चोट से उबरने के बाद नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग में वापसी करने जा रहे हैं। भारतीय स्टार का मुकाबला इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे श्रीलंका के रुमेश पथिरागे समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों से होगा। भारतीय दर्शक रात 11:14 बजे से इसका सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे।

विज्ञापन
Neeraj Chopra Set for Return, Faces Rising Sri Lankan Star Rumesh Pathirage at Doha Diamond League
नीरज चोपड़ा - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग में एक बार फिर मैदान पर उतरेंगे। चोट के कारण लंबे समय तक प्रतियोगिताओं से दूर रहने के बाद वह वापसी कर रहे हैं। ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि उनका लय प्रभावित न हो और वह मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के बीच दमदार प्रदर्शन करें। दोहा में होने वाली इस प्रतियोगिता में श्रीलंका के उभरते हुए स्टार रुमेश थरंगा पथिरागे भी हिस्सा लेंगे, जिन्होंने कुछ दिन पहले ही 90 मीटर का आंकड़ा पार किया है।

विज्ञापन

चोट के कारण लंबे समय से मैदान से दूर थे नीरज
28 वर्षीय नीरज पिछले साल सितंबर में हुई विश्व चैंपियनशिप के बाद से किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाए हैं। पीठ की चोट के कारण वह प्रतिस्पर्धी एथलेटिक्स से दूर थे। विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 84.03 मीटर का थ्रो करते हुए आठवां स्थान हासिल किया था। हालांकि दोहा उनके लिए हमेशा खास रहा है। पिछले साल मई में इसी मैदान पर उन्होंने 90 मीटर की बाधा को पार किया था। उस दौरान उन्होंने 90.23 मीटर का थ्रो किया था और जर्मनी के जूलियन वेबर (91.06 मीटर) के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे।

  • कब होगा नीरज चोपड़ा का मुकाबला?
    नीरज चोपड़ा 19 जून को दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे। पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा, जिसमें नीरज भी शामिल होंगे, भारतीय समयानुसार रात 11:14 बजे शुरू होगी।
  • कहां देखें लाइव मुकाबला?
    फैंस नीरज चोपड़ा का यह मुकाबला Wanda Diamond League YouTube चैनल पर लाइव देख सकते हैं।
  • ऑनलाइन कैसे मिलेगी अपडेट?
    नीरज चोपड़ा के प्रदर्शन से जुड़ी लाइव अपडेट, रिजल्ट और पूरी कवरेज amarujala.com पर उपलब्ध रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

स्विट्जरलैंड में की तैयारी, फिट महसूस कर रहे हैं नीरज
यह प्रतियोगिता मूल रूप से 8 मई को सीजन की शुरुआत के रूप में आयोजित होनी थी, लेकिन पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। तुर्किये में पुनर्वास प्रक्रिया पूरी करने के बाद नीरज 25 मई से स्विट्जरलैंड में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह नौ खिलाड़ियों के इस मुकाबले में देर से शामिल किए गए।

प्री-इवेंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज ने कहा, "मैंने करीब डेढ़ महीने पहले थ्रो करना शुरू किया था और हमने जल्दबाजी नहीं की। इसके बाद मैंने आयोजकों से पूछा कि क्या मैं एक सप्ताह पहले अपनी भागीदारी की जानकारी दे सकता हूं। उन्होंने सहमति दी और आखिरी प्रशिक्षण सत्र के बाद हमने दोहा में खेलने का फैसला किया।" 90 मीटर के लक्ष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा। मैं खुद को काफी फिट और अच्छा महसूस कर रहा हूं, देखते हैं कल क्या होता है।
विज्ञापन

रुमेश पथिरागे इस सीजन में शानदार फॉर्म में
नीरज का सामना श्रीलंका के 24 वर्षीय रुमेश पथिरागे से होगा, जो इस समय अपने करियर की बेहतरीन फॉर्म में हैं। रुमेश ने 4 जून को रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का शानदार थ्रो किया था। इसके साथ ही वह 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले चौथे एशियाई और दुनिया के 28वें खिलाड़ी बने थे। इस सीजन में उन्होंने दो और बार 89 मीटर से ज्यादा दूरी तक भाला फेंका है। दोहा आने से पहले उन्होंने चेकिया के ओस्ट्रावा में प्रतिष्ठित गोल्डन स्पाइक प्रतियोगिता भी 86.57 मीटर के थ्रो के साथ जीती थी।

उनका रोम में किया गया प्रदर्शन पाकिस्तान के अरशद नदीम के पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले 92.97 मीटर के थ्रो से थोड़ा पीछे रहा, लेकिन उन्होंने चीनी ताइपे के चाओ-त्सुन चेंग (91.36 मीटर) और नीरज चोपड़ा (90.23 मीटर) के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया।

नीरज और रुमेश के बीच मुकाबला बराबरी पर
नीरज और रुमेश के बीच अब तक दो बार मुकाबला हुआ है और दोनों एक-एक बार एक-दूसरे पर भारी पड़े हैं। जुलाई 2025 में बंगलूरू में आयोजित एनसी क्लासिक में नीरज ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि रुमेश 84.34 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, पिछले साल टोक्यो विश्व चैंपियनशिप में नीरज आठवें और रुमेश सातवें स्थान पर रहे थे। रुमेश ने वहां 84.38 मीटर का थ्रो किया था। नीरज ने रुमेश की उपलब्धि पर कहा कि यह वास्तव में शानदार उपलब्धि है। वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और मेरे अच्छे दोस्त भी हैं। मैं उनके लिए और श्रीलंका के लिए खुश हूं।

कई दिग्गज खिलाड़ियों से होगी टक्कर
दोहा में नीरज और रुमेश के अलावा मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकॉट, दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता कर्टिस थॉम्पसन, जूलियस येगो, याकुब वाडलेज्च, मोहम्मद हुसैन अहमद सामेह और आर्तुर फेल्फनर भी हिस्सा लेंगे। हालांकि पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया है, जबकि उनकी भागीदारी की घोषणा 12 जून को की गई थी।

राष्ट्रमंडल खेलों की टीम में भी शामिल हुए नीरज
नीरज को रविवार को आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत की 32 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उन्हें भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के 82.61 मीटर के क्वालीफाइंग मानक को हासिल करना होगा। राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होगा।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम की घोषणा के बाद स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा के चयन को लेकर उठे सवालों पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने स्थिति स्पष्ट की थी। फेडरेशन ने कहा था कि नीरज चोपड़ा का नाम भले ही 32 सदस्यीय संभावित दल में शामिल किया गया था, लेकिन उनका अंतिम चयन अभी तय नहीं था। उन्हें निर्धारित क्वालिफिकेशन मानक हासिल करना था। एएफआई के प्रवक्ता और वर्ल्ड एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारिवाला ने रविवार (14 जून) को वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि चयनित सभी एथलीटों ने क्वालिफिकेशन मानक पूरा कर लिया था, केवल नीरज चोपड़ा को अभी यह लक्ष्य हासिल करना बाकी था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Install AU App

Followed