एलन मस्क का बड़ा एलान: एक्स पर अगले महीने लॉन्च हो रहा है 'एक्स मनी', एप में ही मिलेंगी पेमेंट सुविधाएं
X Money Launch April 2026: एलन मस्क अगले महीने यानी अप्रैल 2026 में सोशल मीडिया एक्स पर अपना नया पेमेंट फीचर 'एक्स मनी' लॉन्च करने जा रहे हैं। ये फीचर एक्स वीजा कंपनी के साथ मिलकर लॉन्च कर रही है। ये फीचर एप के अंदर ही एक डिजिटल वॉलेट की तरह काम करेगा।
विस्तार
एलन मस्क ने एक बार फिर इंटरनेट की दुनिया में हलचल मचा दी है। उन्होंने कंफर्म किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का बहुप्रतीक्षित पेमेंट फीचर एक्स मनी अगले महीने यानी अप्रैल 2026 में लॉन्च होने जा रहा है। मस्क ने 10 मार्च 2026 को खुद एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एक्स मनी अर्ली पब्लिक एक्सेस विल लॉन्च नेक्स्ट मंथ" यह कदम मस्क के उस बड़े सपने का हिस्सा है, जिसमें वह एक्स को महज एक सोशल मीडिया साइट से बदलकर एक 'एवरीथिंग एप' (यानी एक ऐसा एप जहां सब कुछ हो) बनाना चाहते हैं।
एक्स एप में मिलेगा आपका अपना 'डिजिटल वॉलेट'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्स मनी कोई अलग से एप नहीं होगा, बल्कि यह एक्स के अंदर ही एक इन-एप 'डिजिटल वॉलेट' की तरह काम करेगा, जो यूजर्स को कई शानदार सुविधाएं देगा। इसके आने के बाद आप एप में रहते हुए ही अपने दोस्तों या क्रिएटर्स को सीधे पैसे भेज और मंगा सकेंगे। इसके जरिए एक यूजर से दूसरे यूजर को बिना किसी झंझट के पीयर-टू-पीयर (P2P) फंड ट्रांसफर करना मुमकिन होगा। साथ ही, यूजर्स अपने डिजिटल वॉलेट में सुरक्षित तरीके से पैसे जमा करके रख पाएंगे और अपना डेबिट कार्ड लिंक करके सीधे भुगतान भी कर सकेंगे। इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि इन सभी वित्तीय लेन-देन के लिए आपको एक्स एप बंद करके किसी दूसरे पेमेंट एप पर जाने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। यानी अब आप एक्स पर पोस्ट पढ़ते-पढ़ते या चैटिंग करते हुए भी बहुत आसानी से पेमेंट कर पाएंगे।
𝕏 Money early public access will launch next month
— Elon Musk (@elonmusk) March 10, 2026
एक्स मनी के लिए वीजा के साथ करार
एक्स ने इस नए पेमेंट सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित और तेज बनाने के लिए दुनिया के सबसे बड़े पेमेंट नेटवर्क Visa Inc. के साथ साझेदारी की है। इस पार्टनरशिप के तहत एक्स मनी के पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाया जाएगा। यूजर्स वीजा डायरेक्ट के जरिए आसानी से अपने वॉलेट में पैसे डाल सकेंगे और ट्रांसफर कर सकेंगे। भविष्य में इस सिस्टम में कई और एडवांस पेमेंट फीचर्स भी जोड़े जाएंगे।
एवरीथिंग एप बनने की ओर एक बड़ा कदम
वर्ष 2022 में जब से मस्क ने ट्विटर को खरीदा है, उनका लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट रहा है- इसे एक ऐसा मल्टी-फंक्शनल प्लेटफॉर्म बनाना। ताकि यूजर्स को अपने अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग एप्स न खोलने पड़ें। मस्क के इसी एवरीथिंग एप वाले विजन के तहत अब सोशल नेटवर्किंग, दोस्तों से बातचीत और कंटेंट शेयरिंग जैसी कई सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। इसके साथ ही, प्लेटफॉर्म पर क्रिएटर इकोनॉमी को मजबूत करते हुए कंटेंट बनाने वालों के लिए कमाई के साधन भी उपलब्ध होंगे और अब डिजिटल पेमेंट्स की सुविधा के जुड़ने से यह एप सही मायनों में एक ऑल-इन-वन प्लेटफॉर्म बन जाएगा।
कंपनी को क्या होगा फायदा?
इस नए पेमेंट फीचर को जोड़ने के पीछे एक बड़ा बिजनेस प्लान भी है। मस्क का मानना है कि एक्स मनी के आने से कंपनी की निर्भरता सिर्फ विज्ञापनों पर नहीं रहेगी। पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनी के लिए कमाई के नए रास्ते खुलेंगे और साथ ही यूजर्स एप पर अपना ज्यादा समय बिताएंगे। अगर एक्स मनी अप्रैल 2026 में सफलतापूर्वक रोलआउट हो जाता है तो यह सोशल मीडिया और डिजिटल पेमेंट्स की दुनिया में एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.
कमेंट
कमेंट X