ChatGPT Ads: ओपनएआई ने शुरू किया चैटजीपीटी में विज्ञापनों का ट्रॉयल, जानिए किस वजह से लिया कंपनी ने ये फैसला?
ChatGPT Ads: दुनिया की अग्रणी एआई कंपनी ओपनएआई ने चैटजीपीटी को लेकर एक बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। अब तक बिना विज्ञापन इस्तेमाल होने वाला चैटजीपीटी जल्द ही फ्री और 'गो' प्लान यूजर्स के लिए सीमित विज्ञापनों के साथ नजर आ सकता है। कंपनी ने बताया है कि यह विज्ञापन 'स्पॉन्सर्ड लिंक्स' के रूप में केवल जवाब के अंत में दिखाई देंगे और इनका असर चैटजीपीटी के उत्तरों की गुणवत्ता या निष्पक्षता पर नहीं पड़ेगा।
विस्तार
दुनियाभर में अपनी एआई टेक्नोलॉजी के लिए पहचानी जाने वाली कंपनी ओपनएआई ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब तक हम चैटजीपीटी का इस्तेमाल बिना किसी विज्ञापन के करते आए हैं लेकिन अब इसमें बदलाव होने जा रहा है। कंपनी ने बताया है कि वे अब चैटजीपीटी के अंदर विज्ञापनों का ट्रायल यानी टेस्टिंग शुरू कर रहे हैं। इसका मतलब है कि अब चैट के दौरान आपको कुछ विज्ञापन भी दिखाई दे सकते हैं। ओपनएआई ने ऐसा क्यों किया? इसके पीछे दो मुख्य कारण हैं।
1. खर्च निकालना: चैटजीपीटी जैसी भारी-भरकम तकनीक को चलाने और उसे लगातार अपडेट करने में बहुत पैसा खर्च होता है। इन विज्ञापनों से होने वाली कमाई से कंपनी को इस खर्चे में मदद मिलेगी।
2. मुफ्त सेवा जारी रखना: कंपनी चाहती है कि जो लोग पैसे नहीं दे सकते, वे भी चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते रहें। विज्ञापनों से कमाई होगी, तो कंपनी आम लोगों के लिए इसे "फ्री" में उपलब्ध करा पाएगी।
चैटजीपीटी में विज्ञापन कैसे दिखेंगे?
ओपनएआई ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि ये विज्ञापन आपको सीधे तौर पर नहीं दिखेंगे बल्कि 'स्पॉन्सर्ड लिंक्स' के रूप में दिखाई देंगे। इसे आसान बनाने के लिए कंपनी ने कुछ खास बातें तय की हैं।
दिखावट: इन लिंक्स को उत्तर से बिल्कुल अलग रखा जाएगा ताकि आपको उलझन न हो कि कौन सी जानकारी चैटजीपीटी ने दी है और कौन सा हिस्सा विज्ञापन है।
जवाबों की क्वालिटी: सबसे जरूरी बात यह है कि विज्ञापनों की वजह से चैटजीपीटी के जवाब देने के तरीके में कोई फेरबदल नहीं होगा। ऐसा नहीं होगा कि विज्ञापन दिखाने के चक्कर में वह आपको गलत या पक्षपाती जानकारी दे।
सीधी बात यह है: आपको जानकारी पूरी और सही मिलेगी, बस उसके नीचे एक छोटा सा विज्ञापन का लिंक होगा जिसे आप चाहें तो देख सकते हैं या नजरअंदाज कर सकते हैं।
किन यूजर्स को दिखेंगे विज्ञापन?
ओपनएआई ने साफ किया है कि फिलहाल ये विज्ञापन सभी के लिए नहीं हैं बल्कि केवल उन लोगों को दिखेंगे जो मुफ्त सेवा (फ्री प्लान) या कम कीमत वाले 'गो' प्लान का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अगर आपके पास प्लस, प्रो, बिजनेस, एंटरप्राइजेज या एजुकेशन जैसे प्रीमियम सब्सक्रिप्शन हैं तो आपको कोई विज्ञापन नहीं दिखाया जाएगा। अगर आप चैटजीपीटी का इस्तेमाल बिना किसी विज्ञापन के करना चाहते हैं तो आपको किसी भी पेड प्लान में अपग्रेड करना होगा।
ये भी पढ़ें: Sarvam AI: मेड इन इंडिया एआई मॉडल, जिसने भाषा और दस्तावेजों को समझने में चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी को पछाड़ा
क्या फ्री यूजर्स विज्ञापनों को बंद कर सकते हैं?
ओपनएआई ने फ्री यूजर्स को एक खास सुविधा दी है कि अगर उन्हें विज्ञापन पसंद नहीं हैं तो वे इन्हें बंद कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए एक शर्त है- अगर आप विज्ञापन बंद करते हैं तो दिन भर में चैटजीपीटी से पूछने वाले सवाल की लिमिट कम हो जाएगी। हालांकि कम कीमत वाले 'गो' प्लान का इस्तेमाल करने वालों के पास विज्ञापन बंद करने का यह विकल्प नहीं होगा। अच्छी बात ये है कि आप स्क्रीन से विज्ञापन को हटा सकते हैं और अपनी पसंद-नापसंद के बारे में कंपनी को फीडबैक भी दे सकते हैं। फिर चाहे आप फ्री यूजर हों या 'गो' प्लान वाले यूजर ये सभी के लिए लागू होगा।
प्राइवेसी और सुरक्षा का क्या?
यूजर प्राइवेसी के मामले में कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि यूजर्स का अपनी जानकारी पर पूरा कंट्रोल रहेगा। आप जब चाहें विज्ञापनों के पर्सनलाइजेशन को बंद कर सकते हैं और यहां तक कि विज्ञापनों से जुड़े अपने डाटा को डिलीट भी कर सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से विज्ञापनदाताओं को आपकी निजी चैट या व्यक्तिगत जानकारी का एक्सेस बिलकुल नहीं दिया जाएगा। उन्हें सिर्फ यह पता चलेगा कि विज्ञापन को कितनी बार देखा या क्लिक किया गया है। इसके अलावा प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए कंपनी ने तय किया है कि मानसिक स्वास्थ्य, राजनीति और निजी सेहत जैसे संवेदनशील विषयों पर होने वाली बातचीत के दौरान कोई भी विज्ञापन नहीं दिखाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Apple iOS 26.4: आईफोन में आने वाला है अब तक का सबसे बड़ा अपडेट, देखने को मिलेंगे ये बड़े बदलाव
किस तरह के विज्ञापन दिखाए जाएंगे?
चैटजीपीटी आपको वही विज्ञापन दिखाएगा जिनमें आपकी दिलचस्पी हो सकती है। इसके लिए वह आपकी पुरानी बातचीत और सर्च को आधार बनाएगा। इसे ऐसे समझिए कि अगर आप चैटजीपीटी से खाना बनाने की विधि (रेसिपी) या किसी सामान के बारे में पूछ रहे हैं तो वह समझ जाएगा कि आप खरीदारी में रुचि रख रहे हैं। ऐसे में वह आपको किराने के सामान (ग्रॉसरी) की होम डिलीवरी या उस प्रोडक्ट से जुड़े विज्ञापन दिखाएगा। यानी विज्ञापन आपकी जरूरतों और पसंद के हिसाब से ही चुने जाएंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.