YouTube: यूट्यूब प्रीमियम लाइट में बड़ा अपडेट, अब मिलेगा बैकग्राउंड प्ले और ऑफलाइन डाउनलोड का सपोर्ट
YouTube Premium Lite Update: यूट्यूब ने अपने सस्ते सब्सक्रिप्शन प्लान प्रीमियम लाइट में बड़ा अपडेट दिया है। अब यूजर्स वीडियो को बैकग्राउंड में चला सकेंगे और डाउनलोड कर ऑफलाइन भी देख सकेंगे। हालांकि म्यूजिक कंटेंट और कुछ वीडियो पर अभी भी विज्ञापन दिख सकते हैं। यह प्लान उन यूजर्स के लिए बेहतर विकल्प बन सकता है जो कम कीमत में ज्यादा सुविधाएं चाहते हैं।
विस्तार
वीडियो देखने वाली एप यूट्यूब ने अपने सस्ते सब्सक्रिप्शन प्लान प्रीमियम लाइट में बड़ा बदलाव किया है। अब इस प्लान को लेने वाले यूजर्स वीडियो को बैकग्राउंड में चला सकेंगे और उन्हें डाउनलोड करके बिना इंटरनेट के भी देख सकेंगे। इन नए फीचर्स की वजह से प्रीमियम लाइट पहले से ज्यादा काम का और पैसे वसूल प्लान बन गया है। चलिए जानते हैं कि इस अपडेट में आपको क्या नया मिलेगा और आपके लिए कौन सा प्लान सही रहेगा।
क्या है नया अपडेट?
यूट्यूब प्रीमियम लाइट को शुरू में एक सस्ते प्लान के तौर पर लॉन्च किया गया था। इसका मकसद था कि आम वीडियो देखते समय विज्ञापन न आएं। लेकिन शुरुआत में इसमें दो जरूरी सुविधाएं नहीं थीं। पहला वीडियो को बैकग्राउंड में चलाने का विकल्प और दूसरा वीडियो डाउनलोड करके बिना इंटरनेट के देखने की सुविधा।
नए अपडेट के बाद क्या मिलेगा नया?
अब नए अपडेट के बाद यूजर्स को दो बड़ी सुविधाएं मिलेंगी। पहली, यूजर्स वीडियो को बैकग्राउंड में चला सकते हैं। यानी आप किसी और एप का इस्तेमाल करने पर भी वीडियो चलता रहेगा। दूसरी, अब वीडियो डाउनलोड करके बिना इंटरनेट के भी देखा जा सकता है। इससे मोबाइल डेटा की बचत होगी। हालांकि, ये सुविधाएं अभी सिर्फ उन्हीं देशों या इलाकों में शुरू की जा रही हैं, जहां प्रीमियम लाइट पहले से उपलब्ध है।
अभी भी कुछ पाबंदियां हैं
नए अपडेट के बाद भी प्रीमियम लाइट पूरी तरह से बिना विज्ञापन वाला प्लान नहीं बना है। इसमें अभी भी कुछ सीमाएं हैं।
- यूट्यूब शॉर्ट्स और कुछ म्यूजिक वीडियो पर विज्ञापन दिख सकते हैं।
- बैकग्राउंड प्ले और डाउनलोड की सुविधा हर वीडियो पर काम नहीं करेगी, खासकर म्यूजिक ट्रैक्स पर।
अगर आप हर तरह का कंटेंट खासकर गाने, बिना किसी विज्ञापन के देखना और सुनना चाहते हैं तो आपको पूरा यूट्यूब प्रीमियम प्लान लेना होगा।
यूट्यूब प्रीमियम vs प्रीमियम लाइट: कौन सा प्लान बेहतर?
यूट्यूब प्रीमियम
- सभी वीडियो से विज्ञापन हटते हैं
- बैकग्राउंड प्ले सपोर्ट
- ऑफलाइन डाउनलोड
- यूट्यूब म्यूजिक प्रीमियम (बिना विज्ञापन म्यूजिक) शामिल
- यह प्लान महंगा है लेकिन पूरी सुविधाएं देता है।
यूट्यूब प्रीमियम लाइट
- सामान्य वीडियो पर विज्ञापन नहीं
- अब बैकग्राउंड प्ले और ऑफलाइन डाउनलोड सपोर्ट
- म्यूजिक कंटेंट पर सीमाएं
- यह प्लान उन लोगों के लिए बेहतर है जो सिर्फ वीडियो देखना चाहते हैं और म्यूजिक स्ट्रीमिंग की जरूरत नहीं रखते।
यूजर्स के लिए क्यों है खास?
यूट्यूब के मुताबिक कई यूजर्स लंबे समय से प्रीमियम लाइट में इन फीचर्स की मांग कर रहे थे।
- बैकग्राउंड प्ले पॉडकास्ट, इंटरव्यू और लंबे वीडियो सुनने वालों के लिए बेहद उपयोगी है।
- ऑफलाइन डाउनलोड यात्रा के दौरान या कमजोर नेटवर्क में कंटेंट देखने में मददगार है।
इस अपडेट के साथ प्रीमियम लाइट अब कम कीमत में ज्यादा सुविधाएं देने लगा है जिससे नए यूजर्स को आकर्षित किया जा सकता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.