AI: एआई के नाम पर छंटनी करने वाली कंपनियों पर भड़के एनवीडिया सीईओ जेनसेन हुआंग, कहा- "इनके पास सोच की कमी है"
Jensen Huang AI Layoffs Comments: एक पॉडकास्ट के दौरान एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने एआई के नाम पर हो रही छंटनी की आलोचना करते हुए कहा कि ये कंपनियों की कल्पना की कमी को दिखाता है। उनका मानना है कि एआई इंसानों की जगह लेने के लिए नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने के लिए है। इस मौके पर उन्होंने युवाओं को सलाह भी दी।
विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आने के बाद से ही टेक कंपनियां लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हुआंग हमेशा से मानते आए हैं कि एआई समाज के लिए एक वरदान है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने उन कंपनियों को जमकर लताड़ लगाई जो एआई का बहाना देकर लोगों को नौकरी से निकाल रही हैं।
'ऐसी कंपनियों के पास कोई नया आइडिया नहीं है'
एक पत्रकार ने जब हुआंग से पूछा कि कंपनियां कम लोगों से ज्यादा काम लेने के लिए कर्मचारियों को क्यों निकाल रही हैं? इस पर हुआंग ने थोड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि एआई का असली काम इंसानों की क्षमता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा, "ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि इन कंपनियों के पास कल्पना की कमी है। जिन कंपनियों के पास अच्छी सोच है, वे एआई की मदद से कम लोगों के साथ भी कुछ बड़ा और बेहतर करेंगी। जब कंपनी की लीडरशिप के पास कोई नया आइडिया नहीं होता तो वे छंटनी करने लगते हैं।"
क्या एआई से सच में डरने की जरूरत है?
एक हालिया पॉडकास्ट में हुआंग ने उन लोगों की बातों को भी खारिज कर दिया जो कहते हैं कि एआई दुनिया को खत्म कर देगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "एआई कोई एलियन या जीता-जागता इंसान नहीं है। इसके अंदर कोई अपनी भावना नहीं है। यह सिर्फ एक कंप्यूटर सॉफ्टवेयर है। यह कहना बिल्कुल गलत है कि हम एआई को कंट्रोल नहीं कर सकते।"
युवाओं के लिए एनवीडिया सीईओ की खास सलाह
छंटनी के मुद्दे पर हुआंग ने यह माना कि एआई के आने से हर नौकरी का तरीका बदलेगा और कुछ नौकरियां खत्म भी होंगी। लेकिन, उन्होंने ये भी दावा किया कि एआई की वजह से कई नई नौकरियां पैदा भी होंगी। कॉलेज से निकल रहे युवाओं को सलाह देते हुए उन्होंने कहा, "जो भी युवा एआई को लेकर परेशान हैं, उन्हें मेरी एक ही सलाह है कि एआई से डरो मत, बल्कि एआई का इस्तेमाल करने में एक्सपर्ट बनो।"
रेडियोलॉजिस्ट का दिया शानदार उदाहरण
अपनी बात को सही साबित करने के लिए हुआंग ने 10 साल पुराना एक किस्सा सुनाया। उनके एक जाने-माने कंप्यूटर साइंटिस्ट दोस्त ने भविष्यवाणी की थी कि कंप्यूटर विजन के आने से 'रेडियोलॉजिस्ट' की नौकरी खत्म हो जाएगी। हुआंग ने बताया कि आज एआई पूरी तरह से रेडियोलॉजी में इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन नतीजा बिल्कुल उल्टा निकला। रेडियोलॉजिस्ट की नौकरी जाने के बजाय उनकी डिमांड मार्केट में बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
क्यों हुआ ऐसा?
हुआंग ने समझाया कि हर इंसान की नौकरी का एक मकसद होता है। एआई का काम सिर्फ स्कैन को पढ़ना है, लेकिन एक इंसान का मकसद उस स्कैन के जरिए बीमारी को समझना और मरीज या डॉक्टर की सही मदद करना है। एआई सिर्फ काम को आसान बनाता है, इंसान का मकसद नहीं छीनता।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest gadget news and mobile reviews, apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news in hindi from Tech and more Hindi News.