'इंस्टाग्राम लड़कियों के लिए है'...:एलन मस्क के बयान पर मचा बवाल, यूजर्स ने एक्स पर ही पूछ लिए ये तीखे सवाल
इंस्टाग्राम को लेकर एलन मस्क का विवादित बयान एक बार फिर चर्चा में आया है। एक्स पर एक यूजर ने इंस्टाग्राम डिलीट करने की पोस्ट शेयर की, जिस पर मस्क ने प्रतिक्रिया दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी को लेकर नई बहस छिड़ गई है। आइए जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
कहां से शुरू हुआ विवाद?
यह पूरा मामला एक कमेंट से शुरू हुआ है। जब गीगर कैपिटल (@Geiger_Capital) नाम के एक एक्स यूजर ने इंस्टाग्राम ऐप डिलीट करने की जानकारी साझा की।
यूजर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 'आधिकारिक तौर पर इंस्टाग्राम डिलीट कर दिया। यह स्वाभाविक रूप से महिला एप है। कोई फायदा नहीं' । (Officially deleted instagram. An inherently female app. Zero benefit.)
Officially deleted instagram.
— Geiger Capital (@Geiger_Capital) October 1, 2026
An inherently female app. Zero benefit.
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने चुटकी ली और कमेंट किया कि 'इंस्टाग्राम गर्ल्स के लिए है'। मस्क की इस एक लाइन की टिप्पणी के बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और दोनों एप्स यानी इंस्टाग्राम और एक्स के यूजर्स आमने-सामने आ गए।
Instagram is for girls
— Elon Musk (@elonmusk) October 1, 2026
मई में भी दिया था ऐसा ही विवादित बयान
यह कोई पहली बार नहीं हुआ है, जब मस्क ने इंस्टाग्राम को लेकर ऐसा कहा हो। इसी साल मई 2026 में भी मस्क ने सोशल मीडिया आदतों और ऑनलाइन ट्रेंड्स पर चल रही एक वायरल थ्रेड में यही बात कही थी।
- मस्क का पुराना कमेंट: मई में मस्क ने लिखा था कि इंस्टाग्राम गर्ल्स के लिए है और उन पुरुषों का मजाक उड़ाया था जो उन्हें अपना इंस्टाग्राम प्रोफाइल लिंक भेजते हैं।
- ट्रांजिशन पर तंज: इसके अलावा मस्क ने कमेंट में आगे जोड़ा था कि जब वयस्क पुरुष उन्हें अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल भेजते हैं, तो वे सोचते हैं कि वे ट्रांजिशन (जेंडर चेंज) कर रहे हैं या क्या।
- ऑनलाइन ट्रेंड्स का जिक्र: उस थ्रेड में इंस्टाग्राम पर आम ट्रेंड्स जैसे थर्स्ट ट्रैप्स पोस्ट करना, दिन भर स्टोरीज अपडेट करना और घर के बने खाने की तस्वीरें शेयर करने जैसी आदतों पर चर्चा हो रही थी। उस वक्त भी मस्क के इस बयान को कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सेक्सिस्ट (लिंगभेदी) और आपत्तिजनक करार दिया था।
इस बार भी मस्क की टिप्पणी पर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। एक यूजर ने जवाब देते हुए पूछा कि फिर एक्स किसके लिए है? एक दूसरे यूजर ने भी एक्स को लेकर ही सवाल किया।
वहीं, एक यूजर ने मस्क की बात से असहमति जताते हुए कहा कि इंस्टाग्राम सभी लिंगों के लिए स्वागत करने वाला प्लेटफॉर्म है। एक अन्य यूजर ने भी कहा कि इंस्टाग्राम सभी के लिए है।
फिर शुरू हुई सोशल मीडिया पर बहस
मस्क की टिप्पणी के बाद सामने आई प्रतिक्रियाओं में इंस्टाग्राम के इस्तेमाल और उसके यूजर बेस को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिली। कुछ यूजर्स ने मस्क की बात का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने इसे इंस्टाग्राम को एक खास लिंग से जोड़ने वाली टिप्पणी बताया। कुछ प्रतिक्रियाओं में उनकी टिप्पणियों को सेक्सिस्ट और आपत्तिजनक भी कहा गया।