Kia: किआ सेल्टोस सबसे सुरक्षित पारिवारिक एसयूवी की लिस्ट में शामिल, BNCAP क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार रेटिंग
Kia Seltos Safety Rating India: किआ सेल्टोस अब भारत की सबसे सुरक्षित पारिवारिक एसयूवी की लिस्ट में शामिल हो गई है। हाल ही में हुए भारत NCAP क्रैश टेस्ट में इस कार को बड़ों और बच्चों, दोनों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार रेटिंग मिली है। आइए विस्तार से जानते हैं कि सुरक्षा के लिए इस कार में कौन से सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं और समझते हैं इसके सेफ्टी स्कोर्स।
विस्तार
साउथ कोरिया की दिग्गज कार निर्माता कंपनी किआ की लोकप्रिय एसयूवी (SUV), किआ सेल्टोस ने सुरक्षा के मामले में खुद को मजबूती से साबित कर दिया है। इसे हाल ही में हुए भारत NCAP (BNCAP) क्रैश टेस्ट में बेहतरीन 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। हाल ही में किआ की नई कार 'सिरोस' को भी 5-स्टार मिले थे, जिसके बाद यह मुकाम हासिल करने वाली सेल्टोस कंपनी की दूसरी कार बन गई है। इस एसयूवी ने बड़ों (एडल्ट) और बच्चों (चिल्ड्रेन) दोनों की सुरक्षा के मामले में जबरदस्त स्कोर किया है। आइए समझते हैं इसके सेफ्टी स्कोर्स और फीचर्स की पूरी डिटेल:
बड़ों की सुरक्षा (एडल्ट ऑक्यूपेंसी प्रोटेक्शन)
बड़ों की सुरक्षा (एडल्ट सेफ्टी) के मामले में किआ सेल्टोस ने कमाल का प्रदर्शन किया है और इसका स्कोर भारत NCAP में टेस्ट की गई अब तक की कारों में सबसे बेहतरीन स्कोर्स में से एक है। इस SUV ने एडल्ट सेफ्टी में 32 में से शानदार 31.70 अंक का कुल स्कोर हासिल किया है। इसके क्रैश टेस्ट के नतीजों पर बारीकी से गौर करें तो, सामने से होने वाली टक्कर (फ्रंटल इम्पैक्ट) में इसे 16 में से 15.70 अंक मिले हैं, जबकि बगल की टक्कर (साइड इम्पैक्ट) के टेस्ट में इसने 16 में से पूरे 16 अंक हासिल कर खुद को एक बेहद सुरक्षित कार साबित किया है।
बच्चों की सुरक्षा (चाइल्ड ऑक्यूपेंसी प्रोटेक्शन)
एक बेहतरीन पारिवारिक कार होने के नाते बच्चों की सुरक्षा बहुत मायने रखती है और इस मोर्चे पर भी किआ सेल्टोस ने बिल्कुल निराश नहीं किया है। इस एसयूवी ने चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से शानदार 45 अंकों का कुल स्कोर हासिल किया है। अगर इस स्कोर को विस्तार से देखें तो कार को डायनामिक स्कोर में 24 में से पूरे 24 अंक और चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम (CRS) स्कोर में 12 में से 12 अंक मिले हैं, जबकि व्हीकल असेसमेंट में इसने 13 में से 9 अंक प्राप्त किए हैं। सबसे खास बात यह है कि 18 महीने और 3 साल के बच्चों को ध्यान में रखकर किए गए क्रैश टेस्ट में इस कार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जहां इसे फ्रंट इम्पैक्ट में 8 में से 8 और साइड इम्पैक्ट में 4 में से 4 का परफेक्ट स्कोर मिला है।
मजबूत ढांचा और शानदार सेफ्टी फीचर्स
किआ सेल्टोस का प्लेटफॉर्म (K3 प्लेटफॉर्म) हाई-स्ट्रेंथ स्टील से बना है, जो टक्कर के समय झटके को काफी हद तक सोख लेता है। इसके मजबूत ढांचे के साथ-साथ इस कार में शानदार सेफ्टी फीचर्स की एक लंबी लिस्ट भी देखने को मिलती है। यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए इसमें बेस मॉडल से ही 6 एयरबैग्स स्टैण्डर्ड तौर पर दिए गए हैं। बेहतर कंट्रोल और ब्रेकिंग के लिए इसके चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ EBD की सुविधा मौजूद है। इसके अलावा, सफर को और सुरक्षित बनाने के लिए इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), 360-डिग्री कैमरा और ऑटो-होल्ड के साथ इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक जैसे बेहतरीन फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम)
कार को और भी ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए इसमें लेवल-2 ADAS दिया गया है, जिसमें 21 ऑटोनॉमस (ऑटोमैटिक) सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इनमें लेन-कीपिंग असिस्ट, स्मार्ट क्रूज कंट्रोल (स्टॉप एंड गो के साथ), आगे की टक्कर से बचाने वाला असिस्ट (फ्रंट कोलिजन अवॉइडेंस), ब्लाइंड व्यू मॉनिटर और पार्किंग कोलिजन अवॉइडेंस जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.