Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   samsung ai data centre business investment openai anthropic ai infrastructure plan

सैमसंग: स्मार्टफोन और चिप के बाद अब डेटा सेंटर कारोबार में उतरेगी कंपनी, 1 अरब डॉलर का लगाया दांव

Tue, 17 Nov 2026 09:49 AM IST
नीतीश कुमार टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नीतीश कुमार Updated Tue, 17 Nov 2026 09:49 AM IST
सार

  • दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग डेटा सेंटर बनाने, चलाने और उनके लिए जरूरी हार्डवेयर व एनर्जी स्टोरेज उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है।
  • इसके लिए कंपनी ने डेटा सेंटर ऑपरेटर हेलिक्स में 1 अरब डॉलर का निवेश किया है और ओपनएआई के साथ साझेदारी भी की है।
  • सैमसंग ने यूरोप की एक कूलिंग सिस्टम बनाने वाली कंपनी का अधिग्रहण भी किया है।

विज्ञापन
samsung ai data centre business investment openai anthropic ai infrastructure plan
डेटा सेंटर कारोबार में उतरेगी सैमसंग। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की दुनिया में अब मुकाबला सिर्फ बेहतर चिप बनाने तक सीमित नहीं रह गया है। एआई मॉडल को ट्रेन करने और उन्हें चलाने के लिए बड़े डेटा सेंटर, दमदार कंप्यूटिंग सिस्टम, कूलिंग तकनीक और लगातार बिजली की जरूरत होती है। इसी बदलते बाजार को देखते हुए दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग अपनी कारोबारी रणनीति में बड़ा बदलाव कर रही है। कंपनी अब सिर्फ मेमोरी चिप और इलेक्ट्रॉनिक्स की सप्लायर नहीं रहना चाहती, बल्कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के पूरे नेटवर्क का हिस्सा बनने की तैयारी में है।
विज्ञापन


पिछले एक साल में सैमसंग ने इस दिशा में कई बड़े कदम उठाए हैं। कंपनी ने डेटा सेंटर ऑपरेटर हेलिक्स डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में 1 अरब डॉलर का निवेश किया है। इसके अलावा यूरोप की एक कूलिंग सिस्टम बनाने वाली कंपनी का अधिग्रहण करने के साथ, एआई इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए ओपनएआई के साथ भी साझेदारी की है। सैमसंग की योजना है कि वह डेटा सेंटर बनाने से लेकर उनके संचालन और बिजली स्टोरेज तक की सुविधाएं एक ही समूह के जरिए उपलब्ध करा सके।
विज्ञापन


चिप से आगे बढ़कर पूरा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी सैमसंग
  • सैमसंग की इस योजना में उसके अलग-अलग कारोबार अहम भूमिका निभा सकते हैं। कंपनी की कंस्ट्रक्शन यूनिट डेटा सेंटर बनाने का काम कर सकती है, जबकि आईटी सर्विस देने वाली सैमसंग एसडीएस इनके संचालन की जिम्मेदारी संभाल सकती है। वहीं, कंपनी की बैटरी यूनिट एनर्जी स्टोरेज सिस्टम उपलब्ध करा सकती है। इसके साथ ही सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स पहले की तरह मेमोरी चिप और दूसरे जरूरी कंपोनेंट की सप्लाई करेगी।
  • विज्ञापन
    विज्ञापन
  • सितंबर में हेलिक्स डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के बाद कंपनी ने कहा था कि वह पारंपरिक हार्डवेयर कंपोनेंट सप्लायर की भूमिका से आगे बढ़कर ग्लोबल एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती है।
  • दरअसल, सैमसंग ग्रुप का कारोबार सिर्फ स्मार्टफोन, चिप और घरेलू उपकरणों तक सीमित नहीं है। इसके तहत इंश्योरेंस, सिक्योरिटी सर्विस और कंस्ट्रक्शन जैसे कई कारोबार भी आते हैं। इनमें से कई कंपनियां शुरुआत में सैमसंग ग्रुप की आंतरिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई गई थीं। हालांकि, अब कंपनी चाहती है कि ये इकाइयां बाहरी ग्राहकों को भी सेवाएं दें और एआई की बढ़ती मांग से फायदा उठाएं।

ओपनएआई और एंथ्रोपिक के साथ कारोबार बढ़ाने की तैयारी
इस रणनीति में सैमसंग एसडीएस की भूमिका काफी अहम हो सकती है। यह कंपनी पहले सैमसंग ग्रुप की आंतरिक आईटी जरूरतों को पूरा करने के लिए शुरू की गई थी। फिलहाल इसके ज्यादातर डेटा सेंटर भी ग्रुप की जरूरतों को ध्यान में रखकर संचालित होते हैं।

हालांकि, अब सैमसंग एसडीएस बाहरी कंपनियों के साथ कारोबार बढ़ाने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एंथ्रोपिक और ओपनएआई के साथ शुरुआती स्तर की बातचीत कर रही है। इन कंपनियों को अपने डेटा सेंटर का ग्राहक बनाने की संभावना पर चर्चा हो रही है।

विश्लेषकों का अनुमान है कि सैमसंग एसडीएस का सालाना डेटा सेंटर रेवेन्यू 2031 तक बढ़कर 6.6 ट्रिलियन कोरियाई वॉन यानी करीब 4.9 अरब डॉलर हो सकता है। यह कंपनी के मौजूदा स्तर से लगभग छह गुना ज्यादा होगा।

सैमसंग और ओपनएआई के बीच सहयोग भी इसी रणनीति का हिस्सा है। पिछले साल दोनों कंपनियों ने ओपनएआई के स्टारगेट डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए एडवांस्ड मेमोरी चिप की सप्लाई को लेकर साझेदारी की थी। इस समझौते में सैमसंग एसडीएस को डेटा सेंटर की डिजाइनिंग, डेवलपमेंट और संचालन में सहयोग करना है।

इसके अलावा सैमसंग की कंस्ट्रक्शन यूनिट सैमसंग सीएंडटी और शिपबिल्डिंग कंपनी सैमसंग हेवी इंडस्ट्रीज ने भी ओपनएआई के साथ फ्लोटिंग डेटा सेंटर विकसित करने पर काम करने की बात कही थी।

2030 तक तीन गुना हो सकती है डेटा सेंटर की मांग
सैमसंग के इस विस्तार के पीछे एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की तेजी से बढ़ती मांग एक बड़ी वजह है। मैकिन्से के अनुमान के मुताबिक, 2030 तक दुनिया में डेटा सेंटर की क्षमता की मांग मौजूदा स्तर से लगभग तीन गुना हो सकती है। इसमें एआई से जुड़े कामों की हिस्सेदारी करीब 70 फीसदी रहने का अनुमान है।

सिर्फ एआई कंप्यूटिंग की जरूरतों को पूरा करने के लिए 5.2 ट्रिलियन डॉलर के निवेश की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में चिप, सर्वर, कूलिंग सिस्टम और एनर्जी स्टोरेज जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियों के लिए बड़ा बाजार तैयार हो रहा है।

मॉर्गन स्टेनली की एक हालिया रिपोर्ट में भी कहा गया है कि सैमसंग एसडीएस डेटा सेंटर निर्माण में होने वाली बढ़ोतरी का फायदा उठाने की अच्छी स्थिति में है। दुनिया के कई देश डेटा को अपने देश में ही स्टोर करने से जुड़े नियम बना रहे हैं। इससे स्थानीय डेटा सेंटर की जरूरत और बढ़ सकती है।

सैमसंग के सामने हैं कई बड़ी चुनौतियां
  • हालांकि, सैमसंग के लिए यह रास्ता इतना आसान नहीं होगा। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां भारी निवेश कर रही हैं, लेकिन इस खर्च से भविष्य में कितनी कमाई होगी, इसे लेकर निवेशकों के बीच सवाल उठने लगे हैं।
  • अमेरिका में कुछ डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की चुनावी जीत ने भी डेटा सेंटर परियोजनाओं को लेकर चिंता बढ़ाई है। इन उम्मीदवारों ने अपने राज्यों में नए डेटा सेंटर निर्माण पर रोक लगाने का वादा किया था। इससे भविष्य में नियमों और सरकारी मंजूरी से जुड़ी चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
  • एक दूसरी बड़ी समस्या सैमसंग के अलग-अलग कारोबार को एक साथ जोड़ने की है। साल 2017 तक कंपनी के पास फ्यूचर स्ट्रैटेजी ऑफिस नाम की एक केंद्रीय इकाई थी, जो पूरे ग्रुप के बड़े फैसलों और रणनीतियों के बीच तालमेल बनाती थी। हालांकि, नेतृत्व से जुड़े राजनीतिक भ्रष्टाचार विवाद के बाद इसे बंद कर दिया गया था।
  • इसके बाद से सैमसंग अलग-अलग कारोबारी इकाइयों के लिए छोटे समन्वय समूहों के जरिए काम कर रही है। विश्लेषकों का मानना है कि एक मजबूत केंद्रीय निर्णय लेने वाली व्यवस्था नहीं होने से इतने बड़े एआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में अलग-अलग कंपनियों के बीच तालमेल बनाना मुश्किल हो सकता है।
  • सिटी के विश्लेषक पीटर ली के मुताबिक, सैमसंग के पास कई तरह की क्षमताएं हैं, लेकिन उन्हें एक साथ जोड़कर ग्राहकों को एकीकृत सेवा देने में कंपनी अब तक कमजोर रही है। इसके अलावा, ग्रुप की कई कंपनियां अभी भी अपने कारोबार के लिए काफी हद तक सैमसंग पर निर्भर हैं। ऐसे में बाहरी ग्राहकों को बड़े स्तर पर सेवाएं देने का अनुभव भी एक चुनौती हो सकता है।

डेटा सेंटर चलाने से ज्यादा कंपोनेंट कारोबार पर ध्यान देने की सलाह
विश्लेषकों का यह भी मानना है कि सैमसंग को शुरुआत में पूरे डेटा सेंटर का संचालन करने के बजाय उनके भीतर इस्तेमाल होने वाले सिस्टम और कंपोनेंट पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। कंपनी पहले से ही एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हाई-बैंडविड्थ मेमोरी (एचबीएम) चिप, सेमीकंडक्टर के लिए एडवांस्ड पैकेजिंग सब्सट्रेट और सर्वर के लिए बैकअप बैटरी यूनिट उपलब्ध करा रही है।

सीएलएसए के कोरिया रिसर्च प्रमुख संजीव राणा के मुताबिक, एआई डेटा सेंटर से जुड़े उत्पादों में आने वाले कई वर्षों और दशकों तक बड़े निवेश की संभावना है। हालांकि, उनका मानना है कि सैमसंग के लिए कंपोनेंट कारोबार में अपनी मौजूदा बढ़त को मजबूत करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। ये कारोबार बेहतर मार्जिन भी देते हैं।


कुल मिलाकर, सैमसंग एआई की बढ़ती मांग को देखते हुए अपने कारोबार का दायरा बढ़ाना चाहती है। कंपनी के पास चिप, बैटरी, कूलिंग और कंस्ट्रक्शन जैसे क्षेत्रों में पहले से मौजूद क्षमता है। अब चुनौती इन सभी को एक साथ लाकर बाहरी ग्राहकों को बेहतर सेवा देने की है। अगर सैमसंग इसमें सफल होती है, तो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार में उसकी भूमिका चिप सप्लायर से कहीं आगे जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed