Dopamine Sites का नया ट्रेंड: बिना 1 रुपया खर्च किए जी भरकर करें ऑनलाइन शॉपिंग! जेन-Z हो रही इसकी दिवानी
Dopamine Sites: क्या आप भी शॉपिंग के शौकीन हैं लेकिन बजट आपको रोक देता है? इंटरनेट पर डोपामिन साइट्स का नया ट्रेंड छाया है, जहां आप बिना एक भी रुपया खर्च किए जी भरकर शॉपिंग कर सकते हैं। जानिए क्या हैं ये साइट्स, ये कैसे काम करती हैं और क्यों जेन-Z इनका दीवाना हो रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्या आप भी ऑनलाइन शॉपिंग के शौकीन हैं लेकिन बजट के कारण खुद को रोक लेते हैं? अब जरा सोचिए कि इंटरनेट पर एक ऐसी वेबसाइट हो जहां आप अपनी पसंद का कुछ भी खरीदें, लेकिन आपके बैंक अकाउंट से एक रुपया भी न कटे।
सुनने में यह किसी सपने जैसा लग सकता है, लेकिन डोपामिन साइट्स के रूप में यह सच हो रहा है। आज की युवा पीढ़ी (खासकर जेन-Z) इन साइट्स की दीवानी हो रही है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ये नई टेक-साइट्स क्या हैं और कैसे काम करती हैं।
क्या हैं डोपामिन साइट्स?
आसान भाषा में कहें तो, ये बिल्कुल असली ई-कॉमर्स वेबसाइट्स (जैसे अमेजन या फ्लिपकार्ट) की तरह दिखने वाली नकली साइट्स हैं। इन्हें इस तरह से डिजाइन किया गया है कि आपको लगेगा आप किसी असली प्लेटफॉर्म पर शॉपिंग कर रहे हैं।
इन साइट्स पर क्या-क्या होता है?
- सर्च और कार्ट: आप असली साइट्स की तरह ही यहां प्रोडक्ट्स सर्च कर सकते हैं और उन्हें अपने कार्ट में डाल सकते हैं।
- फेक पेमेंट: आप बाय नाउ पर क्लिक करके पेमेंट भी कर सकते हैं। आप कोई भी फर्जी बैंक डिटेल डालें, पेमेंट हमेशा सक्सेसफुल ही दिखाएगा।
- फेक ट्रैकिंग: मजेदार बात यह है कि ऑर्डर करने के बाद आपको डिलीवरी स्टेटस भी दिखता है कि 'आपका सामान रास्ते में है'।
- अंतिम नतीजा: न तो आपके बैंक से कोई पैसा कटता है और न ही असल में कोई सामान आपके घर डिलीवर होता है।
इनका नाम डोपामिन साइट्स क्यों रखा गया?
जब हम शॉपिंग करते हैं या अपनी पसंद की कोई चीज खरीदते हैं, तो हमारे दिमाग में खुशी का अहसास कराने वाला एक केमिकल रिलीज होता है, जिसे डोपामिन कहते हैं। इन साइट्स को बनाने के पीछे का सीधा सा लॉजिक यही है कि आपको शॉपिंग करने की खुशी मिल सके, वह भी बिना अपनी जेब खाली किए। जो क्रेविंग आपको महंगे गैजेट्स या कपड़े देखकर होती है, उसे ये साइट्स वर्चुअली शांत कर देती हैं।
जेन-Z के बीच ये इतनी मशहूर क्यों हो रही है?
देखने में यह सिर्फ एक टाइम-पास लग सकता है, लेकिन युवाओं के बीच इसके हिट होने के कुछ खास कारण हैं:
- तनाव कम करने का तरीका: एक्सपर्ट्स मानते हैं कि युवाओं के लिए शॉपिंग तनाव कम करने का एक बेहतरीन तरीका है। ये साइट्स उन्हें बिना पैसे की फिक्र किए शॉपिंग करने की आजादी देती हैं।
- कार्ट डंपिंग का इलाज: बहुत से लोग असली शॉपिंग एप्स में ढेरों सामान कार्ट में भर लेते हैं, लेकिन पैसे न होने के कारण कभी चेकआउट नहीं कर पाते। इससे एक अजीब सी फ्रस्ट्रेशन होती है। डोपामिन साइट्स पर आप बेझिझक ऑर्डर बटन दबा सकते हैं, जिससे मन को संतुष्टि मिलती है।
- साउथ कोरिया से शुरुआत: फिलहाल यह ट्रेंड साउथ कोरिया में बहुत ज्यादा पॉपुलर है, लेकिन इंटरनेट की पहुंच को देखते हुए यह जल्द ही भारत समेत पूरी दुनिया में छा सकता है।
क्या वाकई में कारगर हैं डोपामिन साइट्स?
हर नई टेक्नोलॉजी की तरह इसके भी दो पहलू हैं। टेक और साइकोलॉजी एक्सपर्ट्स की इस पर अलग-अलग राय है:
- फायदा: अगर इसका इस्तेमाल सिर्फ मनोरंजन या काम के बीच के स्ट्रेस को कम करने के लिए किया जाए, तो यह बिना पैसे खर्च किए खुशी पाने का एक बेहतरीन जरिया है।
- नुकसान: अगर किसी को बार-बार ऑर्डर करने की आदत लग जाए, तो दिमाग को इसकी लत लग सकती है। असल जिंदगी में जब यह लत हावी होगी, तो लोग असली साइट्स पर जाकर भी बेतहाशा शॉपिंग कर सकते हैं, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है।