AI से लेकर बैटरी तक: कॉलेज के लिए कौन सा लैपटॉप आपके लिए है सही? खरीदने से पहले जान लें जरूरी बात
कॉलेज के लिए लैपटॉप खरीदते समय केवल रैम और स्टोरेज नहीं, बल्कि कई अन्य बातों का ध्यान रखना जरूरी है। अगर आप भी कॉलेज के लिए लैपटॉप खरीदने की सोच रह हैं तो किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है आईए जानते हैं।
विस्तार
कॉलेज की पढ़ाई हो, प्रोजेक्ट असाइनमेंट बनाने हों या फिर ऑनलाइन क्लासेज जॉइन करनी हों, एक अच्छा लैपटॉप हर स्टूडेंट की पहली जरूरत बन चुका है। बाजार में कई ब्रांड्स, तरह-तरह के प्रोसेसर और फीचर्स वाले मॉडल्स मौजूद हैं, जिससे सही विकल्प चुनना थोड़ा उलझन भरा हो सकता है। आज के समय में सिर्फ रैम और स्टोरेज देखना ही काफी नहीं है, बल्कि AI फीचर्स से लेकर पोर्टेबिलिटी तक कई अहम बातों पर ध्यान देना जरूरी है। अगर आप भी कॉलेज के लिए नया लैपटॉप या 2-इन-1 कंप्यूटिंग डिवाइस खरीदने की सोच रहे हैं, तो इन 5 सबसे जरूरी बातों को जरूर जांच लें.
एआई सपोर्ट और न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट
आजकल एआई-रेडी कंप्यूटिंग डिवाइस का दौर है। नए प्रोसेसर में अब अलग से NPU यानी न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिटदिया जा रहा है।
- फायदा: यह एआई टास्क जैसे वॉइस ट्रांसक्रिप्शन, स्मार्ट वीडियो एडिटिंग, रियल-टाइम ट्रांसलेशन और नोट्स समरी को तेजी से और बिना लैपटॉप को धीमा किए प्रोसेस करता है।
- क्या देखें: इंटेल कोर अल्ट्रा, एएमडी राइजेन एआई या स्नैपड्रैगन चिपसेट वाले डिवाइस चुनें जो एआई-आधारित टूल्स को आसानी से चला सकें।
बैटरी लाइफ और फास्ट चार्जिंग
कॉलेज कैंपस में आपको हर वक्त चार्जिंग सॉकेट नहीं मिलेगा। इसलिए ऐसी बैटरी चुनें जो पूरे दिन की क्लासेज में आपका साथ दे सके। कम से कम 8 से 10 घंटे का बैकअप देने वाले लैपटॉप कॉलेज के लिए सबसे अच्छे विकल्प होते हैं। इससे फायदा ये होगा कि कॉलेज टाइम में लैपटॉप चार्ज करने की जरूरत नहीं होगी। इसमें भी USB Type-C फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट जरूर चेक करें ताकि पावर बैंक या कॉम्पैक्ट एडेप्टर से भी फोन की तरह लैपटॉप को जल्दी चार्ज किया जा सके।
2-इन-1 या ट्रेडिशनल लैपटॉप
स्टूडेंट्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अब डिटैचेबल कीबोर्ड वाले कंप्यूटिंग डिवाइस जैसे टैबलेट/लैपटॉप हाइब्रिड भी काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। ट्रेडिशनल लैपटॉप कोडिंग, हैवी डेटा एंट्री और बड़े सॉफ्टवेयर चलाने के लिए बेहतर की-ट्रैवल और स्टैबिलिटी देते हैं। वहीं अगर अगर आपका काम ज्यादातर नोट्स बनाना, पीडीएफ पढ़ना, प्रेजेंटेशन तैयार करना या घूम-घूम कर प्रोजेक्ट्स पर काम करना है, तो डिटैचेबल कीबोर्ड वाले लाइटवेट 2-इन-1 मॉडल्स काफी सुविधाजनक साबित होते हैं।
रैम और स्टोरेज को दें प्राथमिकता
सैम ऑल्टमैन जैसे टेक दिग्गजों के हालिया बयानों और मार्केट में रैम की बढ़ती कीमतों के बीच सही कॉन्फिगरेशन चुनना बजट के लिहाज से बेहद जरूरी है। सामान्य कॉलेज वर्कलोड के लिए 8GB RAM काफी है, लेकिन अगर आप वीडियो एडिटिंग, 3D डिजाइनिंग या कोडिंग करते हैं तो 16GB RAM चुनना भविष्य के लिए सुरक्षित रहेगा। वहीं HDD के बजाय SSD वाला लैपटॉप ही लें। 256GB या 512GB SSD आपके लैपटॉप की बूटिंग और ऐप ओपनिंग स्पीड को कई गुना तेज बना देती है।
डिस्प्ले, वजन और पोर्टेबिलिटी पर भी दें ध्यान
रोजाना बैग में रखकर ले जाने के लिए भारी लैपटॉप पीठ का दर्द बन सकता है। इसलिए 1.2 किग्रा से 1.6 किग्रा तक का हल्का लैपटॉप कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए सही रहता है। 13 से 14 इंच का फुल एचडी 2K डिस्प्ले नजरों पर दबाव नहीं डालता। अगर एंटी-ग्लेयर कोटिंग या 400 निट्स तक की ब्राइटनेस हो, तो धूप या तेज रोशनी में भी काम करना आसान हो जाता है।
काम और जरूरत के हिसाब से चुनें डिवाइज
लैपटॉप खरीदते समय अपनी पढ़ाई की स्ट्रीम और अपने रोजमर्रा के इस्तेमाल को प्राथमिकता दें। सिर्फ ज्यादा डिस्काउंट देखकर खरीदारी करने के बजाय एक संतुलित एआई-सपोर्टेड और मजबूत बैटरी वाला डिवाइस चुनें, जो अगले 3-4 साल तक बिना किसी परेशानी के आपका साथ दे सके।