फोन हो रहा है बार-बार गर्म: कैसे ये गलतियां धीरे-धीरे खराब कर रही हैं बैटरी?, आज ही बदलें आदत
चार्जिंग पर गेम खेलना, धूप में फोन छोड़ना या सस्ता चार्जर लगाना, क्या आप भी यही गलतियां कर रहे हैं? फोन बार-बार गर्म हो रहा है, तो बैटरी जल्दी खराब हो सकती है। कैसे इस समस्या से मिलेगा छुटकारा, आइए जानते हैं फोन को कैसे रखे ठंड़ा?
विस्तार
आपने भी कभी न कभी महसूस किया होगा कि फोन चलाते-चलाते या चार्जिंग के दौरान वह काफी गर्म हो गया। थोड़ी गर्माहट आम बात है, लेकिन अगर फोन बार-बार हीट करने लगे तो यह बैटरी के लिए अच्छा संकेत नहीं है। ज्यादा गर्मी से बैटरी की उम्र घटती है, फोन धीमा चलने लगता है और कुछ मामलों में सुरक्षा का खतरा भी हो सकता है। अच्छी बात यह है कि इसके पीछे की ज्यादातर वजहें हमारी रोज की आदतों में छिपी हैं, जिन्हें आसानी से सुधारा जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे इस इश्यू को फिक्स करें?
चार्जिंग के दौरान भारी काम करना
फोन चार्ज पर लगाकर गेम खेलना, वीडियो देखना या लंबी वीडियो कॉल करना सबसे आम गलती है। इस दौरान फोन को एक साथ बैटरी भरनी होती है और ऐप भी चलाने होते हैं, इसलिए वह दोहरी गर्मी झेलता है। कोशिश करें कि चार्जिंग के वक्त फोन को आराम दें।
सस्ते या दूसरी कंपनी के चार्जर के इस्तेमाल से बचें
लोकल चार्जर और केबल अक्सर सही वोल्टेज और करंट नहीं देते। इससे बैटरी पर ज्यादा दबाव पड़ता है। हमेशा कंपनी का दिया चार्जर या किसी भरोसेमंद ब्रांड का सर्टिफाइड चार्जर ही इस्तेमाल करना चाहिए, इससे फोन गर्म भी नहीं होता और बैटरी की हेल्थ पर भी बुरा असर नहीं होता। टूटी या ढीली केबल भी नुकसान पहुंचा सकती है।
धूप या गर्म जगह में न रखें फोन
कार के डैशबोर्ड पर या सीधी धूप में फोन छोड़ देना बैटरी के लिए सबसे बुरा है। गर्मी में बाहर निकलते समय फोन को बैग या जेब में रखें और चलाते समय छांव में रहें। धूप में नेविगेशन चलाते हुए चार्ज करना तो और भी जोखिम भरा हो सकता है। धूप की गर्मी और फोन चलाते समय एप ऑप्टीमाइजेशन की वजह से फोन का गर्म होना बैटरी के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। कोशिश करें फोन को ज्यादा धूप या गर्म जगह पर न रखें।
मोटा या खराब कवर भी है बड़ा कारण
कई बार भारी कवर फोन की गर्मी को बाहर निकलने नहीं देता। अगर फोन चार्जिंग या गेमिंग के दौरान ज्यादा तपता है, तो कवर उतारकर देखें। इससे फर्क महसूस हो सकता है। कोशिश करें अच्छे मेटेरियल का ही कवर इस्तेमाल करें।
बैकग्राउंड में चलते एप और खराब नेटवर्क
सबसे बड़ा कारण ये है कि कई ऐप बंद करने के बाद भी पीछे चलते रहते हैं और प्रोसेसर पर बोझ डालते हैं। कमजोर सिग्नल वाली जगह पर भी फोन नेटवर्क ढूंढने में ज्यादा ताकत लगाता है, जिससे वह गर्म हो जाता है। फोन गर्म होने से बचाने के लिए बेकार एप हटाएं और ऐसी जगह जहां पर जरूरत न हो तो फोन को एयरप्लेन मोड पर रखें।
सॉफ्टवेयर अपडेट न करना भी है वजह
अक्सर देखा जाता है कि लोग फोन के सॉफ्टवेयर को अपडेट ही नहीं करते। पुराने सॉफ्टवेयर में कई बार ऐसी खामियां होती हैं, जो बैटरी और परफॉर्मेंस पर असर डालती हैं। फोन में अपडेट आते ही उसे इंस्टॉल कर लेना ही सही है। इससे फोन स्मूथ तो होता ही साथ ही फोन की बैटरी पर एक्सट्रा बर्डन भी नहीं पड़ता।
इन जरूरी कामों से बैटरी हेल्थ रहेगी सही
- 20% से नीचे न जाने दें: कोशिश करें कि फोन की बैटरी पूरी तरह खत्म होने से पहले ही चार्ज कर लें।
- 80% तक चार्ज करना बेहतर: रोजाना इस्तेमाल के दौरान बैटरी को 100% तक चार्ज करने के बजाय 80% के आसपास चार्जिंग रोक सकते हैं।
- बैटरी की सेहत का रखें ध्यान: ओवरचार्जिंग से बचाने वाले फीचर के बावजूद फोन को लंबे समय तक 100% चार्ज पर रखना बैटरी की सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता।
फोन के ओवर हीट होने पर क्या करें?
अगर आपका फोन ओवर हीट होता है तो फौरन भारी ऐप बंद करें, चार्जर निकालें और फोन को ठंडी, हवादार जगह पर रखें। उसे फ्रिज या फ्रीजर में रखने की गलती बिल्कुल न करें क्योंकि अचानक ठंड से अंदर नमी जम सकती है। अगर जरूरत न हो तो कुछ देर के लिए फोन को स्विचऑफ कर दें ताकि फोन जल्दी ठंडा हो सके।
कब सावधान हो जाएं?
अगर बैटरी फूली हुई दिखे, फोन से अजीब गंध आए या वह बहुत ज्यादा तपने लगे, तो उसे तुरंत बंद करके सर्विस सेंटर ले जाएं। ऐसे फोन को चार्ज पर लगाकर न छोड़ें। कुल मिलाकर थोड़ी सावधानी और छोटी-छोटी आदतें बदलकर आप फोन और उसकी बैटरी दोनों की उम्र बढ़ा सकते हैं।