WhatsApp: बोरिंग इमोजी को कहें बाय-बाय, व्हाट्सएप पर अब सेल्फी से बनाएं मजेदार पर्सनल अवतार; जानें कैसे
How To Create WhatsApp Avatar: क्या आप भी अपनी प्रोफाइल फोटो में वही पुराने तरीके से सेल्फी लगाकर बोर हो गए हैं? या फिर चैटिंग के दौरान वो पीले इमोजी आपकी भावनाओं को सही से नहीं समझा पाते? फिक्र मत कीजिए। क्योंकि व्हाट्सएप ने यूजर्स के चैट एक्सपीरियंस को पर्सनल बनाने के लिए अवतार फीचर पेश किया है। इस नए फीचर के जरिए यूजर एप के अंदर ही अपना कस्टमाइज्ड अवतार बना सकते हैं। जानें कैसे..
विस्तार
व्हाट्सएप ने अपने प्लेटफॉर्म पर पर्सनलाइज्ड अवतार फीचर को और भी उन्नत बना दिया है। अब यूजर्स न केवल मैनुअल तरीके से, बल्कि अपनी एक सेल्फी के जरिए भी अपना डिजिटल अवतार जनरेट कर सकते हैं। ये फीचर एंड्रॉइड और आईफोन दोनों के लिए उपलब्ध है, जो यूजर्स को खुद के कस्टमाइज्ड स्टिकर्स बनाने और उन्हें प्रोफाइल फोटो के रूप में सेट करने की सुविधा देता है। अच्छी बात ये है प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए, व्हाट्सएप अवतार बनते ही उपयोग की गई फोटो को तुरंत डिलीट कर देता है।
सेल्फी से मिनटों में तैयार करें
अब आपको अपना डिजिटल रूप बनाने के लिए घंटों मेहनत नहीं करनी होगी। व्हाट्सएप के सेटिंग में जाकर अवतार सेक्शन चुनें। इसमें सेल्फी से बनाएं (Create from Selfie) विकल्प पर क्लिक करें। इतना करते ही एप आपकी फोटो का विश्लेषण करेगा और आपकी शक्ल से मिलता-जुलता एक सटीक अवतार तैयार कर देगा।
ये भी पढ़े: Social Media Ban: स्पेन-ग्रीस भी बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्त, लग सकता है ऑस्ट्रेलिया जैसा बैन
स्टिकर और प्रोफाइल फोटो का मजा
एक बार अवतार बन जाने के बाद, व्हाट्सएप अपने आप आपके अवतार के दर्जनों कस्टम स्टिकर्स बना देता है। आप इन्हें चैटिंग के दौरान अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं या इसे अपनी प्रोफाइल पिक्चर के रूप में भी सेट कर सकते हैं।
स्टेटस पर भी दिखेगा आपका अवतार रिएक्शन
ये फीचर सिर्फ चैटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि अब आप किसी के स्टेटस अपडेट पर भी अवतार के जरिए रिएक्ट कर सकते हैं। यानी सामने वाला कुछ भी पोस्ट करे फोटो, वीडियो या टेक्स्ट आप शब्दों की जगह अपने अवतार स्टिकर से रिएक्शन दे सकते हैं।
प्राइवेसी और सुरक्षा का वादा
व्हाट्सएप ने साफ किया है कि अवतार बनाने के लिए उपयोग की गई आपकी फोटो का कोई अन्य इस्तेमाल नहीं होगा। अवतार की प्रक्रिया पूरी होते ही फोटो को सिस्टम से डिलीट करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है।व्हाट्सएप ने अवतार फीचर को डिजाइन करते समय सबसे ज्यादा जोर यूजर की प्राइवेसी, डेटा सेफ्टी और कंट्रोल पर दिया है। यही वजह है कि इस फीचर के साथ कुछ साफ और सख्त नियम तय किए गए हैं, ताकि यूजर निश्चिंत होकर इसका इस्तेमाल कर सकें।
सबसे पहले, यूजर को पूरा कंट्रोल दिया गया है। आप जब चाहें अपना अवतार डिलीट कर सकते हैं। हालांकि, एक बार अवतार डिलीट करने के बाद उसे दोबारा रिकवर नहीं किया जा सकता। अगर फिर से अवतार चाहिए, तो पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करनी होगी। इससे यह साफ होता है कि व्हाट्सएप अवतार को कोई स्थायी या जबरदस्ती थोपे जाने वाला फीचर नहीं बनाता।
अवतार बनते ही डिलीट हो जाएगी फोटो
फोटो से अवतार बनाने को लेकर भी व्हाट्सएप ने पारदर्शिता बरती है। आपकी सेल्फी या फोटो का इस्तेमाल सिर्फ अवतार जनरेट करने तक सीमित रहता है। अवतार बनते ही व्हाट्सएप उस फोटो को डिलीट करने की प्रक्रिया शुरू कर देता है। यानी आपकी इमेज किसी सर्वर पर लंबे समय तक स्टोर नहीं होती और न ही किसी दूसरे उद्देश्य के लिए इस्तेमाल की जाती है।
एक और जरुरी बात है कि अवतार बनाते समय जेंडर सिलेक्शन का कोई विकल्प नहीं दिया गया है। इसका मकसद अवतार को ज्यादा न्यूट्रल और इनक्लूसिव बनाना है, ताकि यूजर सिर्फ अपने लुक और एक्सप्रेशन पर फोकस कर सकें, न कि किसी तय कैटेगरी पर।
इन पर मौजूद नहीं
इसके अलावा, सुरक्षा कारणों से अवतार लिंक्ड डिवाइस या कंपैनियन फोन (Companion Phones) उपलब्ध नहीं होते। यानी अगर आप व्हाट्सएप वेब या किसी सेकेंडरी डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो वहां अवतार फीचर काम नहीं करेगा।
