Ayodhya News: सांप डसने से मासूम की मौत... तो ट्रेन से कटकर युवक ने तोड़ा दम, घरों में मची चीख पुकार
अयोध्या में सांप डसने से मासूम की मौत हो गई। वहीं एक अन्य दुर्घटना में ट्रेन से कटकर एक युवक ने दम तोड़ दिया। घटनाओं से घरों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे।

विस्तार
यूपी के अयोध्या में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई और एक मासमू ने भी दम तोड़ दिया। घटना से घरों में रोना बिलखना मच गया। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। दोनों घटनाएं तारुन थाना क्षेत्र की हैं।

पहली घटना ग्राम सभा ग्यासपुर मजरे सोनेडाण की है। यहां के निवासी सत्य नारायन निषाद के 11 वर्षीय पुत्र नरेंद्र निषाद की सांप के डसने से मौत हो गई। वह कक्षा पांच का छात्र था। गांव के ही संजय भारती ने बताया कि नरेंद्र बृहस्पतिवार को खेलने गया था। शाम करीब 7:00 बजे खेलने के बाद घर लौट रहा था।
उन्होंने बताया कि घर के पीछे का रास्ता सकरा है। रास्ते के किनारे झाड़ियां खड़ी हैं। उसी रास्ते से आते समय सांप ने डस लिया। परिवारीजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख दर्शननगर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
दूसरी घटना दादूपुर गांव की है। गांव निवासी संजय कुमार के बेटे नीरज कुमार की लखनऊ चारबाग में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वह परिवार का बड़ा लड़का था। उसके ऊपर परिवार की जिम्मेदारी थी। एक वर्ष पूर्व बिजली के चपेट में आने से उसे एक हाथ गवांना पड़ा था। किसी कार्य से लखनऊ गया था। बृहस्पतिवार की शाम वहां हादसा हो गया। ग्राम प्रधान जयप्रकाश भारती ने बताया कि पुलिस ने मौत की सूचना दी थी। खबर के बाद घरवाले मौके के लिए गए हैं।