गाजीपुर। प्रदेश में स्थित स्पोर्ट्स काॅलेजों में कक्षा 6, 9 और 11 में प्रवेश के लिए मंडल स्तर पर विभिन्न खेलों का चयन-ट्रायल आयोजित किया गया। बीते दिनों हुए वाराणसी मंडल के ट्रायल में जिले के 104 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी किस्मत आजमाई। इसमें फुटबाॅल में सबसे ज्यादा 29 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
क्रीड़ाधिकारी अरविंद यादव ने बताया कि प्रदेश के पांच स्पोर्ट्स काॅलेजों में इस वर्ष कुल 518 रिक्त सीटों पर होनहार खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। स्पोर्ट्स काॅलेजों में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों प्रारंभिक और मुख्य में होगी। मंडल स्तर पर प्रारंभिक ट्रायल के बाद मुख्य चयन परीक्षा होगी। प्रारंभिक ट्रायल में सफल अभ्यर्थियों का फाइनल टेस्ट तीन से छह जून के बीच लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में होगा। इसमें फिजिकल टेस्ट और स्किल टेस्ट के 50-50 अंक होंगे, जिसके बाद मेडिकल जांच की जाएगी। मंडल स्तर पर आयोजित चयन ट्रायल में जिले के 104 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें एथलेटिक्स एवं कुश्ती में 3-3, बैडमिंटन 5, क्रिकेट 26, फुटबाॅल 29, जिम्नास्टिक 1, हाकी 25, कबड्डी 4 तथा वाॅलीबाॅल में 8 खिलाड़ियों ने काॅलेज में दाखिले के लिए भाग्य आजमाया।