Ghazipur News: कार को रास्ता देने की बात कहने पर हमलावर हुए बराती, पिटाई से चार लोग घायल; एक की हालत गंभीर
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में एक कार सवार लोगों ने बरातियों से रास्ता देने को कहा। आरोप है कि इससे नाराज बरातियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज नगर पंचायत में बृहस्पतिवार की देर रात बरातियों के उत्पात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका इलाज मऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 निवासी रामविलास राय (55) अपने भतीजे मंगल राय (26), रामप्रवेश राय (65) और विनोद राय (55) के साथ अर्टिगा कार से वाराणसी से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे वे छोटी पुलिया पुरानी गंज राय कटरा के पास पहुंचे। उसी दौरान पास स्थित मां चंडी मैरिज हॉल से निकली बरात डीजे के साथ सड़क पर नाचते-गाते आगे बढ़ रही थी।
आरोप है कि कार को रास्ता देने की बात कहने पर बरातियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बरातियों ने लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कार सवार चारों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बहादुरगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बरातियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। घायलों में विनोद राय की हालत गंभीर होने पर उन्हें मऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद में कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पीड़ित रामविलास राय की तहरीर पर चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बरातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस दौरान कुछ वाहनों के शीशे भी टूट गए। पुलिस रात से ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है।