सुहवल। क्षेत्र के युवराजपुर गांव स्थित इंटर कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को सीआरपीएफ के शहीद एएसपी विश्वंभर सिंह की स्मृति में 35वीं राज्य स्तरीय दो दिवसीय डे-नाइट सीनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में ताड़ीघाट ने सुहवल को पराजित किया।
उद्घाटन मैच में ताड़ीघाट ने पहला सेट 15-8 से जीता। दूसरे सेट में सुहवल ने 15-13 से वापसी की, लेकिन निर्णायक सेट में ताड़ीघाट ने 15-10 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में शेरपुर ने करहिया को लगातार दो सेटों 15-11 और 15-5 से हराकर जीत हासिल की।
तीसरे मैच में चंदौली ने बुजुर्गा को एक सेट के मुकाबले में 31-21 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। इससे पहले मुख्य अतिथि हिंदी फिल्मों और धारावाहिकों के पटकथा लेखक शांतिभूषण सिंह ने शहीद विश्वंभर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गांव की माटी पर शहीद के सम्मान में इतना भव्य आयोजन खेल के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उद्घाटन समारोह में चंदन सिंह, अनिल सिंह, अजीत, अश्विनी, विमलेश सिंह, राहुल, प्रियरंजन आदि उपस्थित थे। हिमांशु सिंह और विमलेश ने निर्णायक रहे।