जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह आगामी 27 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को विश्वविद्यालय के महंत अवैद्यनाथ सभागार में कुलपति प्रो. वंदना सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई, जिसमें दीक्षांत समारोह की रूपरेखा और तैयारियों पर बिंदुवार चर्चा की गई। कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी समिति संयोजकों और सदस्यों को निर्देशित किया कि दीक्षांत समारोह से जुड़े सभी प्रशासनिक कार्यों की फाइलें समय रहते आगे बढ़ाकर स्वीकृतियां प्राप्त कर ली जाएं। उन्होंने सभी तैयारियों में शासकीय और विश्वविद्यालयी निर्देशों का प्राथमिकता से पालन करने पर जोर दिया। समारोह की भव्यता और गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए सभी संयोजकों से महत्वपूर्ण सुझाव भी आमंत्रित किए गए। शैक्षणिक सत्र को नियमित रखने और दीक्षांत समारोह को समय पर संपन्न कराने के उद्देश्य से कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पाठ्यक्रमों के परीक्षाफल (रिजल्ट) 30 जून तक हर हाल में घोषित कर दिए जाएं, ताकि मेधावियों की सूची समय से तैयार हो सके। तैयारी बैठक में कुलसचिव केशलाल और परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने भी समारोह को सफल बनाने के लिए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर प्रो. देवराज सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. राजकुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव, उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रोफेसर, डॉक्टर्स, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।