जौनपुर: मुकदमा वापस लेने के लिए बच्चे का अपहरण, 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी; आरोपी मुंबई से गिरफ्तार
जौनपुर में पॉक्सो मामले का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए छह अक्तूबर को स्कूल जा रहे बालक के अपहरण का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, बालक की बहन से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने नवी मुंबई से आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर बालक को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
विस्तार
जौनपुर में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए एक बालक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छह अक्तूबर को स्कूल जाते समय बालक का अपहरण किया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से बालक की बहन से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी अरबाज को महाराष्ट्र के नवी मुंबई से गिरफ्तार कर बालक को सकुशल बरामद कर लिया है। वारदात में शामिल उसके एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है।
मुकदमा वापस लेने के लिए किया अपहरण
सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह के अनुसार, आरोपी अरबाज ने पूछताछ में बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा वापस कराने के लिए उसने बालक का अपहरण किया था। मुकदमे के दौरान हुए खर्च की भरपाई के लिए उसने 10 लाख रुपये की मांग भी की थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह के पास भंडरिया टोला का निवासी है और रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर में रहता है। वर्ष 2025 में बालक की बड़ी बहन से दुष्कर्म के आरोप में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। वह 19 जून 2026 को जमानत पर जेल से बाहर आया था।
स्कूल जाते समय बालक को अगवा किया
पुलिस के अनुसार, छह अक्तूबर को दोपहर करीब 12 बजे बालक स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि बालक का मुंह ढककर उसे मोटरसाइकिल से मड़ियाहूं ले जाया गया। वहां से जौनपुर लाने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ ट्रेन से मुंबई पहुंचा।
इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से बालक की बहन से संपर्क कर 10 लाख रुपये की मांग की गई। साथ ही मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी नहीं होने पर बालक को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मोबाइल लोकेशन से मुंबई पहुंची पुलिस
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम 10 अक्तूबर को नवी मुंबई के तुर्भे स्थित सेक्टर-24 पहुंची। पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपी बालक के साथ मिला। पुलिस को देखकर उसने बालक को छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह ने बताया कि आरोपी को 10 अक्तूबर की रात गिरफ्तार करने के बाद स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। अदालत से 96 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस टीम 11 अक्तूबर को आरोपी और बालक को फ्लाइट से जौनपुर लेकर पहुंची। पुलिस अब मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।