थानागद्दी। केराकत विकास खंड के बांसवारी स्थित बीआरसी में बृहस्पतिवार को बीईओ रविशंकर यादव की कार्यशैली से नाराज शिक्षकों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। बीआरसी का घेराव कर बीईओ के खिलाफ नारेबाजी कर उनके स्थानांतरण की मांग की। करीब चार घंटे तक शिक्षक प्रदर्शन करते रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद कुछ देर के लिए मौके पर गहमागहमी की स्थिति बन गई। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को उच्चाधिकारियों और शासन स्तर तक पहुंचाएंगे। प्रदर्शन में महिला शिक्षकों के साथ निजी विद्यालयों के प्रबंधक भी शामिल रहे। शिक्षकों का आरोप है कि केराकत में तैनाती के बाद से ही बीईओ की कार्यशैली को लेकर असंतोष बना हुआ है। उनका कहना था कि विभागीय कार्यों के दौरान अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। समस्याओं के समाधान में मनमानी की जाती है। प्रदर्शन में शामिल महिला शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विभागीय कार्यों के दौरान उनसे निजी मोबाइल नंबर मांगे जाते हैं। ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत होने के बावजूद विद्यालय के अभिलेखों में अनुपस्थित दर्ज कर दिया जाता है। समय से विद्यालय पहुंचने के बाद भी अनुपस्थिति दर्ज करने तथा उसे सही कराने के नाम पर कथित रूप से धन मांगने के आरोप लगाए गए। महिला शिक्षकों ने बीईओ पर कथित अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। शिक्षकों ने बीआरसी के लिपिक पर भी स्थानांतरण संबंधी मामलों में कथित रूप से धन उगाही का आरोप लगाया। शिक्षक संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीईओ के खिलाफ कार्रवाई और स्थानांतरण होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। विभागीय जांच कर कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में अतुल सिंह, अरविंद, आलोक, विकास, देवेंद्र, वीरेंद्र, अरुण, भान, उर्मिला, किरण, निलेश, संजू, जया, नीरज, प्रियंका, छाया और शशिकला समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।